हरिनगर पंचायत प्रधान ने ग्रामीण विकास निदेशक से की मुलाकात
किसानों के लिए कृषि कार्य सुगम बनाने का उद्देश्य
निदेशक ने प्रस्ताव पर शीघ्र स्वीकृति का आश्वासन दिया
सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : ग्राम पंचायत हरिनगर के प्रधान मनोजीत हलदर ने ग्रामीण विकास/पंचायती राज संस्थान के निदेशक डॉ. अपूर्वा शर्मा, से मुलाकात कर पंचायत से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। बैठक के दौरान प्रधान ने पंचायत निधि से एक ट्रैक्टर खरीदने के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जिसका उद्देश्य स्थानीय किसानों को सहायता प्रदान करना और कृषि कार्यों को सुगम बनाना है। इस पर निदेशक ने आश्वासन दिया कि प्रस्ताव पर शीघ्र विचार करते हुए इसे जल्द स्वीकृति प्रदान की जाएगी।
प्रधान ने निदेशक को यह भी अवगत कराया कि वर्ष 2020 से अब तक पंचायत को जल क्षेत्र के अंतर्गत कोई भी वित्तीय सहायता प्राप्त नहीं हुई है। इस संदर्भ में उन्होंने आवश्यक अनुमान प्रस्तुत करते हुए लंबित राशि को तत्काल जारी करने का अनुरोध किया। निदेशक ने इस मुद्दे पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए आश्वासन दिया कि मामले को प्राथमिकता के आधार पर देखा जाएगा और लंबित निधि को जल्द जारी किया जाएगा, ताकि पंचायत क्षेत्र में जल संबंधी विकास कार्यों को गति मिल सके।

