

दुबई : पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) के छह सदस्य देशों ने कुवैत में अपनी संयुक्त सैन्य कमान का उन्नत मुख्यालय स्थापित करने और वहां उपयुक्त सैन्य बलों की तैनाती को मंजूरी दी है। जीसीसी के महासचिव जासेम मोहम्मद अलबुदैवी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। यह फैसला बहरीन में आयोजित जीसीसी की संयुक्त रक्षा परिषद की 23वीं बैठक में लिया गया। इसमें सदस्य देशों के रक्षा मंत्रियों ने हिस्सा लिया। हालांकि, नए मुख्यालय और वहां तैनात किए जाने वाले सैनिकों की संख्या के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है। जीसीसी में सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कुवैत, बहरीन, कतर और ओमान शामिल हैं। परिषद ने दिसंबर 2013 में संयुक्त सैन्य कमान की स्थापना की थी। इसका उद्देश्य साझा सैन्य अभियानों का संचालन और सदस्य देशों की रक्षा क्षमता मजबूत करना है।