

ईटानगर : भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई) के ईटानगर परिसर में शिक्षक और छात्रों के साथ कथित मारपीट के विरोध में छात्रों ने सभी शैक्षणिक गतिविधियां अनिश्चितकाल के लिए रोक दी हैं। छात्र परिषद ने कहा है कि परिसर और उसके आसपास सुरक्षा संबंधी चिंताओं का ठोस समाधान होने तक उनका विरोध जारी रहेगा। छात्र परिषद के अनुसार, विरोध प्रदर्शन 17 सितंबर से शुरू हुआ है। परिषद ने कहा कि 16 सितंबर की शाम तीन छात्र परिसर के बाहर शैक्षणिक कार्य में लगे हुए थे। इसी दौरान जोलांग-राकाप रोड पर कुछ स्थानीय युवकों ने कथित तौर पर उन्हें रोक लिया। परिषद का आरोप है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और युवकों में से एक ने एक छात्र पर लाठी से हमला कर दिया। छात्र परिषद ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद फिल्मकार एवं पटकथा लेखन विभाग के अध्यक्ष डोमिनिक संगमा ने मामले में हस्तक्षेप कर विवाद शांत कराने की कोशिश की। आरोप है कि इस दौरान दो युवकों ने संगमा के साथ भी मारपीट की, जिससे वह घायल हो गए। घटना में कई छात्रों के भी घायल होने की बात कही गई है। डोमिनिक संगमा पूर्वोत्तर के चर्चित फिल्मकार और शिक्षक हैं। उन्हें गारो भाषा की फिल्मों ‘रैपचर’ (रिमडोगिट्टांगा) और ‘मा.अमा’ के लिए जाना जाता है। उन्हें दो बार राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।
सुरक्षा को लेकर छात्रों में चिंता
छात्र परिषद ने आरोप लगाया कि परिसर के आसपास लंबे समय से सुरक्षा संबंधी समस्याएं बनी हुई हैं। परिषद के मुताबिक, छात्रों को बार-बार धमकियां मिलने, परिसर में बाहरी लोगों के कथित अनधिकृत प्रवेश और डराने-धमकाने की घटनाओं के कारण विद्यार्थियों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। परिषद ने विशेष रूप से छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। छात्रों का कहना है कि परिसर के आसपास की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किए जाने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।
दो लोग गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं, छात्र परिषद ने स्पष्ट किया है कि केवल गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं है और परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ठोस एवं स्थायी कदम उठाए जाने चाहिए। छात्रों ने कहा कि जब तक उनकी सुरक्षा संबंधी प्रमुख चिंताओं का समाधान नहीं किया जाता, तब तक शैक्षणिक गतिविधियां स्थगित रहेंगी।