

ढाका : बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव के बीच शुक्रवार को विदेश राज्यमंत्री हुमायूं कबीर के आवास पर पेट्रोल बम फेंककर आग लगा दी गई। घटना के समय कबीर घर पर मौजूद नहीं थे। हमले के बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई है। कबीर ने इसके लिए पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग को जिम्मेदार ठहराते हुए उसे आतंकवादी संगठन बताया। कबीर ने कहा कि हिंसा के जरिए दिल्ली से किसी भगोड़े को व्यावसायिक विमान से बांग्लादेश नहीं लाया जा सकता। इसके लिए प्रत्यर्पण संधि के तहत ही कार्रवाई होगी। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया। यह घटना ऐसे समय हुई है, जब हसीना की वापसी और अवामी लीग के लॉकडाउन के ऐलान के बीच देश के कई हिस्सों में हिंसा, तोड़फोड़ और आगजनी जारी है।