

वाशिंगटन : अमेरिकी रक्षा विभाग इस बारे में जांच कर रहा है कि देश के सबसे उन्नत लड़ाकू विमान के कलपुर्जे हांगकांग कैसे पहुंचे जबकि एक मीडिया संस्थान ने अपनी खबर में कहा कि एफ-35 के उपकरण चीन को मिल चुके हैं। रक्षा विभाग एफ-35 के कलपुर्जों के मामले में एक खेप संबंधी मुद्दे से अवगत हैं। कार्यालय ने कहा, हम इन कलपुर्जों को वापस हासिल करने, घटना की जांच करने और भविष्य में ऐसी घटना को रोकने के लिए सुरक्षा उपाय लागू करने के उद्देश्य से अमेरिकी अधिकारियों और उद्योग जगत के साझेदारों के साथ सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्ल्स ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए स्वीकार किया कि विमान के कलपुर्जे हांगकांग पहुंच गए। हालांकि, उन्होंने इससे इनकार किया कि लापता कलपुर्जे संवेदनशील उपकरण थे। चीनी विदेश मंत्रालय ने कहा कि उसे इस घटना की जानकारी नहीं है, जबकि हांगकांग सरकार ने कहा कि वह विशिष्ट मामलों पर टिप्पणी नहीं करेगी।