

रुद्रप्रयाग/उत्तरकाशी : उत्तराखंड के विश्वप्रसिद्ध उच्च गढ़वाल हिमालयी धामों केदारनाथ तथा यमुनोत्तरी के कपाट बुधवार को भैया दूज के पावन पर्व पर विधि-विधान व धार्मिक अनुष्ठानों के बीच शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।
अब अगले 6 माह तक बाबा केदार और मां यमुना की पूजा उनके शीतकालीन प्रवास स्थलों क्रमशः ऊखीमठ और खरसाली में होगी। गंगोत्तरी, यमुनोत्तरी और केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद हो चुके हैं। बदरीनाथ मंदिर के कपाट 16 नवंबर को बंद होंगे और इसी के साथ इस वर्ष की चारधाम यात्रा का समापन
बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के सूत्रों ने बताया कि रुद्रप्रयाग जिले में स्थित 11वें ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ के कपाट विशेष पूजा-अर्चना के बाद सुबह साढ़े आठ बजे श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिए गए।
कपाट बंद करने की प्रक्रिया तड़के 4 बजे धार्मिक अनुष्ठानों के साथ शुरू हुई। इस दौरान संपूर्ण केदारपुरी ‘हर हर महादेव’, ‘जय बाबा केदार’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंज उठी। इस अवसर पर देश-विदेश से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं के अलावा मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, समिति के अन्य पदाधिकारी, बड़ी संख्या में तीर्थ पुरोहित, रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा और पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर भी मौजूद रहे।
कपाट बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की उत्सव डोली धार्मिक समारोह के साथ ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर के लिए रवाना हुई। बुधवार को डोली का रात्रि विश्राम रामपुर में होगा। इसके बाद बृहस्पतिवार यानी 12 नवंबर को वह गुप्तकाशी पहुंचेगी। वहां से 13 नवंबर को डोली अपने शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचेगी, जहां अगले 6 माह तक भगवान केदारनाथ की पूजा-अर्चना की जाएगी।
गढ़वाल हिमालय के चार धामों में शामिल यमुनोत्तरी धाम के कपाट भी बुधवार को वैदिक मंत्रोच्चार और विधिवत पूजा-अर्चना के बाद अनुराधा नक्षत्र में सुबह 10 बजकर 28 मिनट पर श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिए गए।
उत्तरकाशी जिले में स्थित इस मंदिर के कपाट बंद होने के अवसर पर यमुनोत्तरी के विधायक संजय डोभाल, मंदिर के धर्माधिकारी, तीर्थ पुरोहित और श्रद्धालु मौजूद रहे। कपाट बंद होने के बाद मां यमुना की उत्सव डोली पारंपरिक रीति-रिवाजों और वाद्ययंत्रों की मधुर धुनों के बीच उनके मायके खरसाली (खुशीमठ) के लिए रवाना हुई,
जहां अगले छह माह तक उनकी पूजा-अर्चना की जाएगी। इस साल यमुनोत्री धाम के दर्शन के लिए 8.84 लाख से अधिक तीर्थयात्री पहुंचे और मंदिर समिति को 90 लाख रुपये से अधिक की आय हुई। समिति के सूत्रों के अनुसार, इसमें श्रद्धालुओं द्वारा दानपात्र और रसीद पुस्तिकाओं के माध्यम से दिया गया दान शामिल है। इस वर्ष की चारधाम यात्रा अब अंतिम चरण में पहुंच गई है।हो जाएगा।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, इस साल मंगलवार शाम सात बजे तक चारों धामों के दर्शन के लिए 60.69 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके थे। छह माह तक चली यात्रा के दौरान केदारनाथ में 19.22 लाख, यमुनोत्री में 8.84 लाख और गंगोत्री में 10.06 लाख श्रद्धालु पहुंचे। बदरीनाथ में अब तक 22.55 लाख तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं। उसके कपाट बंद होने में पांच दिन शेष हैं।
सर्दियों में बर्फबारी और भीषण ठंड के कारण चारों धामों के कपाट हर साल अक्टूबर-नवंबर में श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिए जाते हैं। अगले वर्ष अप्रैल-मई में इन्हें फिर से खोल दिया जाता है।