

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजय पुरम – डिगलीपुर में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत गुरुवार सुबह व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। अभियान में प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर पंचायत कर्मियों और मजदूरों तक ने सक्रिय रूप से भाग लिया और विभिन्न क्षेत्रों में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। अभियान का उद्देश्य लोगों को अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ सामूहिक भागीदारी को बढ़ावा देना रहा।
सफाई अभियान में प्रमुख, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, पंचायत प्रधान, समिति सदस्यों के साथ सहायक आयुक्त कार्यालय के कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा अंडमान लोक निर्माण विभाग के मजदूरों और पंचायत के मजदूरों ने भी सफाई कार्य में सक्रिय सहयोग दिया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलकर डिगलीपुर के विभिन्न क्षेत्रों में कचरे और गंदगी की सफाई की तथा आसपास के स्थानों को साफ-सुथरा बनाए रखने का संदेश दिया।
अभियान के दौरान डिगलीपुर के प्रमुख दीपांकर मिस्त्री द्वारा उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य प्रतिभागियों को स्वच्छता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई। शपथ में सभी ने स्वच्छता के प्रति सदैव जागरूक रहने तथा अपने घर, कार्यस्थल और आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने में योगदान देने का संकल्प लिया। प्रतिभागियों ने स्वयं गंदगी नहीं करने और दूसरों को भी गंदगी करने से रोकने की बात कही।
शपथ के दौरान लोगों ने कचरे को उचित स्थान पर डालने तथा स्वच्छता के महत्व के बारे में अपने परिवार, मित्रों और समुदाय के लोगों को जागरूक करने का संकल्प भी लिया। साथ ही स्वच्छ और सुंदर भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की प्रतिबद्धता जताई गई।
अभियान के दौरान स्थानीय लोगों से भी अपने आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखने और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फैलाने की अपील की गई। अधिकारियों ने स्वच्छता को केवल एक दिन का अभियान न मानकर इसे नियमित व्यवहार का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
‘स्वच्छ डिगलीपुर, स्वस्थ डिगलीपुर’ के संदेश के साथ आयोजित इस अभियान में प्रशासन, पंचायत और विभिन्न विभागों के कर्मचारियों की सामूहिक भागीदारी देखने को मिली। अभियान के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया।