

नई दिल्लीः नई दिल्ली के द्वारका इलाके में एक नाबालिग लड़के ने स्कॉर्पियो चलाते हुए एक मोटरसाइकिल सवार को उड़ा दिया था जिससे उसकी मौत हो गई थी। अब इस घटना से जुड़ा एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें यह दिख रहा है कि किस तरह से मोटरसाइकिल को स्कॉपियो अपनी चपेट में ले रहा है।
यह घटना पिछले 3 फरवरी द्वारका इलाके में हुई थी, जहां एक नाबालिग के चलाये हुए स्कॉर्पियो ने एक मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी, जिससे युवक की मौत हो गई।
मोटरसाइकिल पर सवाल 23 साल का युवक शाहिल धनेश्रा की मां इन्ना माकन ने आरोप लगाया है कि यह कोई साधारण दुर्घटना नहीं थी बल्कि सोशल मीडिया के लिए स्टंट और “रील” बनाने की कोशिश थी जिसके कारण उसकी मौत हुई। उन्होंने कठोर कानूनी कार्रवाई और इंसाफ की मांग की है, नाबालिग ड्राइवर के साथ-साथ उसके पिता पर भी जिम्मेदारी का मामला दर्ज करने की बात पुलिस के समक्ष उठाई है।
कैसे हुई थी घटना
घटना के बारे में जो पता चला है, उसके मुताबिक 3 फरवरी की सुबह लगभग 11:55 बजे के करीब लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज के पास यह दुर्घटना हुई थी। एक 17 वर्षीय नाबालिग बिना ड्राइविंग लाइसेंस के स्कॉर्पियो चला रहा था, जिसकी रफ्तार काफी तेज थी। सामने से आ रही बस को चकमा देने के दौरान वह अपनी लेन से बाहर आ गया और सीधे सामने से आ रही 23 वर्षीय साहिल धनेश्रा की मोटरसाइकिल से टकरा गया। उसी दिशा में आगे चलती एक टैक्सी (स्वीफ्ट डिजायर) से भी उसका वाहन जा टकराया।
दुर्घटना का एक वीडियो सामने आया है जिसमें दिखाई देता है कि एसयूवी तेज रफ्तार में चल रही है और मौके पर मौजूद महिला, जो शायद नाबालिग की बहन थी, वीडियो रिकॉर्ड कर रही थी। उसी वीडियो में यह भी दिखता है कि बाइक पर बैठा साहिल बस को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था, तभी सामने से आती स्कॉर्पियो उससे टकरा जाती है।
सिर और शरीर में चोट के निशान
शाहिल धनेश्रा मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत उसी समय हो गई। बाद में उसके शव का पोस्टमार्टम हुआ, जिसमें यह पुष्टि हुई कि सिर के दाहिने हिस्से में फ्रैक्चर, भारी हेमोरेजिक शॉक और अन्य गंभीर चोटें थीं, जो सीधे दुर्घटना के कारण हुईं। टैक्सी चालक अजित सिंह भी दुर्घटना में घायल हुआ और अस्पताल ले जाया गया।
आरोपी लड़का परीक्षा के लिए रिहा किया गया
पुलिस जांच के दौरान पता चला कि नाबालिग के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। उसे हिरासत में लेकर जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया गया, जहां से वह कक्षा 10 बोर्ड परीक्षाओं के कारण अंतरिम जमानत पर रिहा कर दिया गया। पुलिस ने दुर्घटना स्थल से जुड़े वाहनों को जब्त कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज जांच में इस्तेमाल कर रही है।
साहिल की मां ने दर्द किया बयां, मांगा इंसाफ
अपने बेटे साहिल को खोने वाली इन्ना माकन एनएआई से बात करते हुए कहा, "मेरा बेटा 3 फरवरी को ऑफिस जा रहा था, वह (स्कॉर्पियो ड्राइवर) अपनी बहन के साथ अपनी स्कॉर्पियो पर मजेदार रील बनाने निकला था। जिस स्पीड से स्कॉर्पियो चलाई जा रही है, वह रील में साफ दिख रही है...वह (स्कॉर्पियो ड्राइवर) उल्टी लेन में गाड़ी चला रहा था और बस के ठीक सामने आकर स्टंट करने लगा...मेरे बेटे ने दाईं ओर देखा कि जगह है या नहीं। क्योंकि बस के बाईं ओर एक ई-रिक्शा था...स्कॉर्पियो मोटरसाइकिल से टकरा गई और सड़क किनारे खड़ी कार से टकरा गई। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो ड्राइवर ने ब्रेक नहीं लगाए। एक्सीडेंट में एक कैब ड्राइवर भी गंभीर रूप से घायल हो गया है...यह एक क्रिमिनल एक्टिविटी है।"
इन्ना आगे कहती हैं, "कुछ लोग सोचते हैं कि वे सड़क पर कुछ भी कर सकते हैं क्योंकि उनके माता-पिता अमीर हैं, यह एक क्रिमिनल सोच है...यह सिर्फ़ एक एक्सीडेंट नहीं है। मेरे बेटे की मौत उनकी मस्ती की वजह से हुई...उसके (स्कॉर्पियो) खिलाफ पहले से ही कई ओवर-स्पीडिंग चालान हैं, फिर भी उसके पिता ने उसे गाड़ी चलाने से नहीं रोका। मुझे अपने बेटे के लिए इंसाफ चाहिए। इन जैसे लोगों की वजह से सड़क पर कोई भी सुरक्षित नहीं है। इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उसके (स्कॉर्पियो ड्राइवर) पास लाइसेंस भी नहीं है।"