

काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस (CISCE) ने मंगलवार को 2027 की बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम घोषित कर दिया। इसके तहत कक्षा 10 की ICSE परीक्षा 15 फरवरी और कक्षा 12 की ISC परीक्षा 9 फरवरी से शुरू होगी।
दोनों परीक्षाओं में कुल 3,79,980 परीक्षार्थी शामिल होंगे। ICSE परीक्षा में 3,106 संबद्ध स्कूलों के करीब 2.70 लाख छात्र बैठेंगे, जबकि ISC परीक्षा में 1,651 स्कूलों के 1.10 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे।
ICSE परीक्षा में 76 विषयों और ISC परीक्षा में 60 विषयों की परीक्षाएं होंगी।
CISCE के मुख्य कार्यकारी और सचिव जोसेफ इमैनुएल ने बताया कि ICSE 2027 की परीक्षा 15 फरवरी से शुरू होकर 31 मार्च तक चलेगी। यह परीक्षा भारत और विदेशों के 2,835 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि किसी परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता उसकी निष्पक्ष प्रक्रिया, प्रशासनिक ईमानदारी और छात्रों, अभिभावकों तथा संस्थानों के भरोसे पर निर्भर करती है।
ICSE में सबसे अधिक परीक्षार्थी उत्तर प्रदेश से 51,168 हैं। इसके बाद पश्चिम बंगाल से 46,521, कर्नाटक से 33,417, महाराष्ट्र से 31,035, पंजाब से 19,308 और झारखंड से 17,201 छात्र परीक्षा देंगे।
वहीं, ISC 2027 की परीक्षा 9 फरवरी से शुरू होकर 8 अप्रैल तक चलेगी। इसमें 1,651 संबद्ध स्कूलों के कुल 1,10,025 परीक्षार्थी भारत और विदेशों के 1,477 केंद्रों पर शामिल होंगे।
ISC में भी उत्तर प्रदेश से सबसे अधिक 34,702 परीक्षार्थी हैं। इसके बाद पश्चिम बंगाल से 30,235, उत्तराखंड से 5,629, पंजाब से 5,479, झारखंड से 5,356, महाराष्ट्र से 4,660, तमिलनाडु से 3,572, केरल से 3,491 और कर्नाटक से 3,010 छात्र परीक्षा देंगे।
ICSE परीक्षा के समय में बदलाव
इमैनुएल ने बताया कि ICSE 2027 परीक्षा के समय में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। अब प्रश्नपत्र पढ़ने का समय सुबह 10 बजे शुरू होगा और उत्तर लिखने का समय 10.15 बजे से होगा। पहले पढ़ने का समय सुबह 10.45 बजे और लिखने का समय 11 बजे निर्धारित था।
उन्होंने कहा कि ICSE परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों को सुबह 9.45 बजे तक अपने परीक्षा हॉल या कमरे में बैठ जाना होगा।