पाकिस्तान में हिमस्खलन के बाद लापता 10 पर्वतारोहियों में से चार के शव मिले

प्रसिद्ध पर्वतारोही निर्मल पुर्जा कर रहे थे अभियान का नेतृत्व
Bodies of four of the 10 mountaineers missing after an avalanche in Pakistan have been found.
बरामद शव लेकर जाते बचाव दल के कर्मी
Published on

इस्लामाबाद : पाकिस्तान में दुनिया की सबसे ऊंची चोटियों में से एक ‘ब्रॉड पीक’ पर हिमस्खलन के बाद लापता हुए 10 पर्वतारोहियों की तलाश कर रहे बचाव दल को शुक्रवार को चार शव मिले, जबकि अन्य छह पर्वतारोहियों की तलाश जारी है। वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के अनुसार, खराब मौसम के बावजूद चारों पर्वतारोहियों के शवों को निकालने के प्रयास जारी हैं। अधिकारियों ने नाम न उजागर करने की शर्त पर बताया कि अभी मृतकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। ‘अल्पाइन क्लब ऑफ पाकिस्तान’ के उपाध्यक्ष कर्रार हैदरी ने बताया कि इस दल से बृहस्पतिवार से संपर्क नहीं हो पाया था। उन्होंने बताया कि सेना के हेलीकॉप्टरों को भी खोज एवं बचाव अभियान में शामिल किया गया है और अधिकारी लापता पर्वतारोहियों के परिजनों के लगातार संपर्क में हैं। अभियान दल में पांच नेपाली पर्वतारोही, पाकिस्तान के हुंजा के पर्वतारोही सोहेल साखी, ओमान की पर्वतारोही नाथिरा, अमेरिकी पर्वतारोही मैलोरी गीस, वांग नामक एक चीनी पर्वतारोही तथा एक अन्य विदेशी पर्वतारोही शामिल थे। इस अभियान का नेतृत्व प्रसिद्ध पर्वतारोही निर्मल पुर्जा कर रहे थे, जिन्हें ‘निम्स दाई’ के नाम से भी जाना जाता है। पाकिस्तान की यात्रा कंपनी ‘मूविंग माउंटेन्स’ ने पिछले महीने के अंत में घोषणा की थी कि यह पर्वतारोहण दल आस्कोले कस्बे की ओर रवाना हो चुका है और उसने दल के सुरक्षित रूप से ‘ब्रॉड पीक’ चोटी फतह करने की कामना की थी।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in