बाराटांग पुलिस की तेज कार्रवाई, हिट-एंड-रन मामला पांच घंटे में सुलझा

पुलिस ने वाहन सहित आरोपी को मौके से किया गिरफ्तार
बाराटांग पुलिस की तेज कार्रवाई, हिट-एंड-रन मामला पांच घंटे में सुलझा
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : बाराटांग थाना पुलिस ने एक अज्ञात हिट-एंड-रन मामले को मात्र पांच घंटे के भीतर सुलझाते हुए आरोपी को वाहन सहित गिरफ्तार कर त्वरित प्रतिक्रिया और प्रभावी जांच का परिचय दिया है। 19 अप्रैल 2026 को रात करीब 9 बजे साउथ क्रीक के पास सड़क दुर्घटना की सूचना बाराटांग थाने को प्राप्त हुई। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बाराटांग में भर्ती कराया। घायल व्यक्ति अम्बा कोना निवासी जॉनसन डुंग डुंग था, जिसे तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मारी थी और चालक मौके से फरार हो गया था। सूचना मिलने पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। थाना प्रभारी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सुब्रमणि, सहायक उपनिरीक्षक मुचराय मुंडा और अन्य कर्मियों की टीम ने रातभर सघन अभियान चलाया। लगातार गश्त, मिडिल स्ट्रेट और कदमतला से गुजरने वाले वाहनों की निगरानी तथा सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के माध्यम से संदिग्ध वाहन की पहचान की गई। त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पांच घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। जिला पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों की सहायता बिना हिचक करें, क्योंकि स्वर्णिम समय में मिली मदद जीवन बचा सकती है। साथ ही लोगों से किसी भी आपराधिक या अवैध गतिविधि की सूचना निकटतम थाने या हेल्पलाइन नंबरों पर देने का अनुरोध किया गया है। सूचनादाताओं की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और उन्हें उचित पुरस्कार भी दिया जाएगा।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in