कार रेलिंग से टकराई तीन की मौत, छह घायल

सभी मृतक एक ही परिवार के सदस्य हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर खेतड़ी इलाके में हुआ
कार रेलिंग से टकराई तीन की मौत, छह घायल
Published on: 

गुवाहाटी : असम के कामरूप महानगर जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर खेतड़ी इलाके में हुआ। पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार कार सड़क की रेलिंग से टकरा गई। कार में सवार सभी लोग गुवाहाटी से नगांव की ओर जा रहे थे। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना इतनी भीषण थी कि मोनिमा बेगम (40), रिबुल अली (17) और अमीरुद्दीन (40) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को दुर्घटनाग्रस्त वाहन से बाहर निकाला गया। मृतकों के शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

तीन घायलों की हालत गंभीर

दुर्घटना में पुटुमाई बेगम (55), अनीसुर सुल्तान (10) और रुस्तम अली (50) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल सोनापुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कार की रफ्तार तेज थी और इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग से जा टकराया। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

इसी मार्ग पर पहले भी हो चुका है बड़ा हादसा

एनएच-27 के इसी क्षेत्र में पहले भी बड़ा सड़क हादसा हो चुका है। 30 अगस्त को ट्रक और मिनी बस की टक्कर में सात लोगों की मौत हुई थी। उस दुर्घटना के बाद राजमार्ग की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर सवाल उठे थे। उस समय असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने इस मार्ग पर लगातार हो रहे हादसों के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से राजमार्ग के खराब रखरखाव को जिम्मेदार ठहराया था। मंगलवार की दुर्घटना के बाद एक बार फिर इस राजमार्ग पर यातायात सुरक्षा और सड़क के रखरखाव को लेकर चिंता सामने आई है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in