

गुवाहाटी: असम में इस शैक्षणिक सत्र की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के कार्यक्रम में बदलाव की संभावना बढ़ गई है। असम स्टेट स्कूल एजुकेशन बोर्ड (ASSEB), डिवीजन-I ने बाढ़ और जनगणना से जुड़े कार्यों के कारण नियमित पढ़ाई में हुई बाधा को देखते हुए दोनों कक्षाओं की पढ़ाई की अवधि बढ़ाने का फैसला किया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि HSLC (कक्षा 10वीं) और Higher Secondary Final Examination (कक्षा 12वीं) का परीक्षा कार्यक्रम इसी व्यवस्था को ध्यान में रखकर तय किया जाएगा।
10वीं की पढ़ाई 22 फरवरी तक, 12वीं की 8 मार्च तक
ASSEB की 8 सितंबर को जारी अधिसूचना के अनुसार, कक्षा 10वीं का निर्धारित पाठ्यक्रम पहले सप्ताह फरवरी 2027 तक पूरा होने की संभावना थी, लेकिन बाढ़ और जनगणना संबंधी गतिविधियों के कारण इसमें देरी हो सकती है। इसलिए बोर्ड ने कक्षा 10वीं की नियमित कक्षाएं 22 फरवरी 2027 तक जारी रखने की अनुमति दी है। इसी तरह कक्षा 12वीं का पाठ्यक्रम भी निर्धारित समय सीमा में पूरा होने में कठिनाई की आशंका है। इसके लिए कक्षा 12वीं की नियमित पढ़ाई 8 मार्च 2027 तक जारी रखने का निर्णय लिया गया है। इसका सीधा असर बोर्ड परीक्षाओं के कार्यक्रम पर पड़ सकता है। हालांकि, ASSEB ने अभी परीक्षाओं की नई तारीख घोषित नहीं की है। बोर्ड के मुताबिक HSLC और HS Final Examination का शेड्यूल विस्तारित कक्षा अवधि को ध्यान में रखते हुए बाद में तय किया जाएगा।
बाढ़ से कई जिलों में लंबे समय तक बाधित रही पढ़ाई
असम में इस साल बाढ़ ने कई जिलों में सामान्य जनजीवन के साथ-साथ शैक्षणिक गतिविधियों को भी प्रभावित किया। विशेष रूप से शिवसागर और चराइदेव जैसे जिलों में बाढ़ के कारण प्रशासनिक और शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित हुईं। बाढ़ प्रभावित इलाकों में स्कूलों को बंद रखना पड़ा, जिसके कारण विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई का कैलेंडर पीछे चला गया। सरकार ने भी जनगणना की तैयारियों के दौरान बाढ़ प्रभावित शिवसागर और चराइदेव जिलों में जनगणना संबंधी तैयारियां अस्थायी रूप से रोकने की जानकारी दी थी।