फिल्मकार डोमिनिक संगमा से मारपीट, दो गिरफ्तार

फिल्मकार डोमिनिक संगमा से मारपीट, दो गिरफ्तार
Published on

ईटानगर : राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित फिल्मकार और निर्देशक डोमिनिक संगमा के साथ अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर के बाहरी इलाके में कथित तौर पर मारपीट की गई। पुलिस ने घटना के सिलसिले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना बुधवार शाम जोलांग-राकाप रोड पर हुई। पुलिस के मुताबिक, संगमा ने भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई) के छात्रों के एक समूह और दो लोगों के बीच हो रही कथित झड़प में हस्तक्षेप किया था। इसी दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर लाठियों से फिल्मकार पर हमला कर दिया।

छात्रों और सुरक्षा गार्ड से भी मारपीट

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना के दौरान एफटीआईआई के एक सुरक्षा गार्ड और चार छात्रों के साथ भी मारपीट की गई। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद राकाप गांव के दो निवासियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मामले की शिकायत मिलने के बाद बालीजन पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। 

छात्रों को लाठियों से डराने का आरोप

संगमा की पत्नी ने बताया कि फिल्मकार बुधवार शाम करीब 6.30 बजे टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान उन्होंने दो लोगों को कथित तौर पर नशे की हालत में देखा, जो लाठियों के जरिए एफटीआईआई के छात्रों को डरा-धमका रहे थे। उन्होंने बताया कि छात्रों और दोनों लोगों के बीच विवाद को देखते हुए संगमा ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। इसी दौरान दोनों लोगों ने कथित तौर पर लाठियों से फिल्म निर्देशक पर हमला कर दिया।

पूर्वोत्तर सिनेमा का चर्चित चेहरा हैं संगमा

मेघालय के रहने वाले डोमिनिक संगमा पूर्वोत्तर भारत के चर्चित फिल्मकारों में शामिल हैं। वह गारो भाषा में बनी फिल्मों ‘रैपचर’ (रिमडोगिट्टांगा) और ‘मा.अमा’ के लिए जाने जाते हैं। उनकी फिल्मों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। संगमा वर्तमान में एफटीआईआई के जोटे परिसर में पटकथा लेखन विभाग के प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। घटना के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in