

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजय पुरम -- अंडमान और निकोबार तटीय क्षेत्र प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं मुख्य सचिव ज्ञानेश भारती ने प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट का औपचारिक रूप से शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्राधिकरण के सदस्य सचिव एवं प्रधान मुख्य वन संरक्षक (तटीय विनियमन क्षेत्र एवं वन संरक्षण) एम. राजकुमार, आयुक्त-सह-सचिव चंचल यादव तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन के अनुसार, इस वेबसाइट की शुरुआत पारदर्शिता बढ़ाने, आम नागरिकों तक सूचनाओं की पहुंच आसान बनाने और विभिन्न कार्यों के संचालन को अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से नागरिकों को अंडमान और निकोबार तटीय क्षेत्र प्रबंधन प्राधिकरण के कार्यों, गतिविधियों और विभिन्न पहलों से संबंधित आवश्यक जानकारी एक ही डिजिटल मंच पर उपलब्ध हो सकेगी।
वेबसाइट पर तटीय विनियमन क्षेत्र से संबंधित नियमों, अधिसूचनाओं, दिशा-निर्देशों, आदेशों और नवीनतम सूचनाओं तक पहुंच उपलब्ध कराई गई है। इसके साथ ही तटीय पर्यावरण के संरक्षण और सतत विकास को लेकर जागरूकता बढ़ाने में भी यह वेबसाइट महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
बताया गया कि इस डिजिटल मंच के माध्यम से आम नागरिकों, परियोजना प्रस्तावकों, विभिन्न संस्थानों, सरकारी विभागों और अन्य संबंधित पक्षों को तटीय विनियमों तथा संरक्षण से जुड़ी पहलों की जानकारी एक ही स्थान पर प्राप्त हो सकेगी। इससे संबंधित सूचनाओं को प्राप्त करने की प्रक्रिया सरल होगी और लोगों को विभिन्न विभागों तथा कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता भी कम होगी।
प्राधिकरण की ओर से द्वीपवासियों से अपील की गई है कि वे इस वेबसाइट के माध्यम से तटीय पर्यावरण संरक्षण से संबंधित जानकारी प्राप्त करें और द्वीपों के संवेदनशील तटीय तथा समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र की रक्षा में सक्रिय भागीदारी निभाएं। प्रशासन ने कहा कि तटीय क्षेत्रों का विकास आवश्यक है, लेकिन इसके साथ पर्यावरणीय संतुलन और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के तटीय एवं समुद्री क्षेत्र अपनी विशिष्ट जैव विविधता और पारिस्थितिक महत्व के लिए जाने जाते हैं। ऐसे में इन क्षेत्रों में किसी भी विकासात्मक गतिविधि को निर्धारित नियमों और पर्यावरण संरक्षण के मानकों के अनुरूप संचालित करना आवश्यक है। वेबसाइट के माध्यम से संबंधित नियमों और दिशा-निर्देशों की जानकारी उपलब्ध होने से परियोजनाओं से जुड़े लोगों को भी निर्धारित प्रक्रियाओं को समझने में सुविधा मिलेगी।
कहा गया कि यह पहल प्रशासन की बेहतर सार्वजनिक सेवा उपलब्ध कराने और द्वीपों के पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील तटीय एवं समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र के दीर्घकालिक संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इस वेबसाइट के शुरू होने से प्राधिकरण की गतिविधियों में पारदर्शिता बढ़ने के साथ-साथ आम लोगों की भागीदारी को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।