अंडमान में 18 नवंबर तक भारी वर्षा और आंधी का पूर्वानुमान

मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह
अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में 18 नवंबर तक प्रतिकूल मौसम की संभावना दर्शाता मौसम विभाग द्वारा जारी उपग्रह चित्र।
अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में 18 नवंबर तक प्रतिकूल मौसम की संभावना दर्शाता मौसम विभाग द्वारा जारी उपग्रह चित्र।
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजय पुरम – अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में आगामी 18 नवंबर तक भारी वर्षा, गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ प्रतिकूल मौसम बने रहने की संभावना जताई गई है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 14 से 16 नवंबर के दौरान द्वीपसमूह के एक-दो स्थानों पर 7 से 11 सेंटीमीटर तक भारी वर्षा हो सकती है।

इस अवधि में एक-दो स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना भी व्यक्त की गई है। वहीं, 17 और 18 नवंबर को भी एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह के तटों के आसपास समुद्र में भी प्रतिकूल परिस्थितियां बनी रह सकती हैं। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा कभी-कभी इनकी गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।

मौसम की मौजूदा स्थिति को देखते हुए मछुआरों को 16 नवंबर तक अंडमान और निकोबार के तटों के आसपास समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। प्रशासन की ओर से समुद्री गतिविधियों में शामिल लोगों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

इस बीच, प्रतिकूल मौसम के कारण 14 नवंबर को वांडूर तथा डिगलीपुर के रामनगर समुद्र तट पर प्रस्तावित द्वीप समुद्र तट खेल प्रतियोगिता भी स्थगित कर दी गई है। प्रतियोगिता की नई तिथि की जानकारी अभी उपलब्ध नहीं है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News