

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजय पुरम -- मायाबंदर के पोकेडेरा स्थित नीम ताला संपर्क मार्ग के चौड़ीकरण की मांग को लेकर पूर्व प्रमुख अब्दुल सिद्दीकी ने लोक निर्माण विभाग के मायाबंदर स्थित एनएसीडी के कार्यकारी अभियंता को पत्र लिखा है। उन्होंने मायाबंदर के लोगों की ओर से इस महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग को जल्द चौड़ा करने तथा सड़क के किनारे उगी झाड़ियों और जंगल की नियमित सफाई कराने का अनुरोध किया है।
पत्र में उन्होंने बताया कि नीम ताला संपर्क मार्ग एक महत्वपूर्ण वैकल्पिक छोटा रास्ता है, जिस पर पिछले कुछ समय से वाहनों की आवाजाही काफी बढ़ गई है। विशेष रूप से विद्यालयों और सरकारी कार्यालयों के खुलने तथा बंद होने के समय इस मार्ग पर यातायात का दबाव अधिक रहता है। यह रास्ता आर.पी. अस्पताल से आने-जाने वाली एम्बुलेंस सहित अन्य वाहनों के लिए भी काफी सुविधाजनक है। ऐसे में यह मार्ग अब मायाबंदर के लोगों के दैनिक आवागमन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है।
उन्होंने कहा कि मार्ग के मोड़ों पर उगी झाड़ियों और जंगल की नियमित सफाई बेहद आवश्यक है, ताकि वाहन चालकों को सामने से आने वाले वाहनों का स्पष्ट दिखाई दे सके। विशेष रूप से मोड़ों पर दृश्यता कम होने के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। झाड़ियों की नियमित कटाई और सफाई से बच्चों, स्थानीय निवासियों तथा अन्य यात्रियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
पत्र में आगे बताया गया है कि वर्तमान में सड़क काफी संकरी है। इसके कारण विपरीत दिशाओं से आने वाले वाहनों को एक-दूसरे को रास्ता देने और सुरक्षित तरीके से निकलने में कठिनाई होती है। व्यस्त समय में यह समस्या और गंभीर हो जाती है। उन्होंने सुझाव दिया है कि दानापुर स्थित पीएमटी इकाई के निकट से लेकर अस्पताल जंक्शन तक दोनों ओर उपलब्ध जगह का उपयोग कर सड़क का चौड़ीकरण किया जा सकता है। इससे वाहनों की आवाजाही अधिक सुगम होगी और यातायात संबंधी परेशानियों में कमी आएगी।
अब्दुल सिद्दीकी ने कार्यकारी अभियंता से जनसुरक्षा और आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस मामले पर गंभीरता से विचार करने का अनुरोध किया है। उन्होंने विभाग के संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर नीम ताला संपर्क मार्ग के चौड़ीकरण की व्यवस्था जल्द से जल्द सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि इस मार्ग के विकास से न केवल स्थानीय लोगों को सुविधा मिलेगी, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में एम्बुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहनों का आवागमन भी अधिक सुरक्षित और आसान हो सकेगा।