दक्षिण अंडमान की जिला कार्ययोजना को अंतिम रूप देने पर मंथन

विभागीय योजनाओं और प्राथमिकताओं पर हुई चर्चा
दक्षिण अंडमान जिला योजना समिति की दो दिवसीय बैठक के दूसरे एवं अंतिम दिन की बैठक का दृश्य।
दक्षिण अंडमान जिला योजना समिति की दो दिवसीय बैठक के दूसरे एवं अंतिम दिन की बैठक का दृश्य।
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजय पुरम -- दक्षिण अंडमान जिले की जिला योजना समिति की दो दिवसीय बैठक का दूसरा एवं अंतिम दिन आज, 11 नवंबर 2026 को दक्षिण अंडमान जिला परिषद के सम्मेलन कक्ष में आयोजित किया गया। जिला परिषद के अध्यक्ष एवं जिला योजना समिति के अध्यक्ष पी. उम्मेर की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में वर्ष 2027-2028 तथा वर्ष 2026-2027 की प्राथमिकता आधारित जिला कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई और उन्हें अंतिम रूप देने की प्रक्रिया पूरी की गई। इन योजनाओं में दक्षिण अंडमान जिले के साथ कैंपबेल बे के राजस्व क्षेत्रों में आने वाली पंचायत राज संस्थाओं की कार्ययोजनाएं भी शामिल हैं।

बैठक के दौरान विभिन्न विभागों की प्राथमिकताओं और प्रस्तावित कार्यों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इसमें नौवहन, बंदरगाह प्रबंधन मंडल, परिवहन, उद्योग, सूचना, प्रचार एवं पर्यटन, राजकीय मुद्रणालय, स्वास्थ्य, श्रम एवं रोजगार, जिला प्रशासन, जनजातीय कल्याण, श्री विजय पुरम नगर परिषद, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पुलिस, जिला कारागार, कला एवं संस्कृति, नागरिक उड्डयन, कार्मिक विभाग, वेतन एवं लेखा, विधि विभाग, अर्थशास्त्र एवं सांख्यिकी, सहकारिता तथा पर्यावरण एवं वन विभाग से संबंधित योजनाओं पर चर्चा की गई।

इस दौरान जिला योजना समिति के अध्यक्ष तथा दक्षिण अंडमान जिला योजना समिति के सदस्यों ने विभिन्न विभागों के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव और अनुशंसाएं प्रस्तुत कीं। इन सुझावों को संबंधित विभागों की कार्ययोजनाओं में शामिल करने पर जोर दिया गया, ताकि प्रस्तावित विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके। बैठक में इस बात पर भी विशेष ध्यान दिया गया कि विभिन्न विभागों की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं का समन्वय सुनिश्चित हो और विकास कार्यों के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब न हो।

लगातार दो दिनों तक चली विस्तृत चर्चा और विचार-विमर्श के बाद सभी योजना क्रियान्वयन विभागों की वर्ष 2027-2028 की प्राथमिकता आधारित जिला कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया गया। इसके साथ ही दक्षिण अंडमान जिले की जिला योजना समिति की बैठक का समापन अध्यक्ष के प्रति धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ।

उल्लेखनीय है कि इस बैठक का उद्देश्य विभिन्न विभागों की विकास संबंधी आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए जिला स्तर पर योजनाबद्ध विकास को गति देना तथा प्रस्तावित कार्यों के समयबद्ध क्रियान्वयन का मार्ग प्रशस्त करना था।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News