

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजय पुरम --
होप टाउन जेटी के निकट 13 नवंबर की शाम यात्री नौका एमवी शेर अली और एक मछली पकड़ने वाली डोंगी के बीच टक्कर हो गई, जिससे डोंगी समुद्र में पलट गई। हालांकि, डोंगी पर सवार दोनों मछुआरों को एमवी शेर अली के चालक दल ने सुरक्षित बचा लिया।
जानकारी के अनुसार, शाम करीब 5:30 बजे एमवी शेर अली फीनिक्स बे से बंबूफ्लैट की ओर जा रही थी। इसी दौरान होप टाउन जेटी के पास यह दुर्घटना हुई। नौका के मास्टर शाजिद परवेज द्वारा बंबूफ्लैट थाना में दर्ज शिकायत के अनुसार, मछली पकड़ने वाली डोंगी निर्धारित नौवहन मार्ग के काफी नजदीक थी और उसमें पर्याप्त चेतावनी रोशनी नहीं थी।
टक्कर के बाद डोंगी पर सवार दोनों व्यक्ति समुद्र में गिर गए, जिन्हें चालक दल ने तत्काल बचा लिया। बताया गया है कि डोंगी के जाल एमवी शेर अली के पंखे में उलझ जाने से उसके दोनों इंजनों में तकनीकी खराबी आ गई।
इसके बाद सहायता के लिए एमवी जुही को घटनास्थल पर भेजा गया। एमवी जुही ने यात्रियों और दोनों मछुआरों को सुरक्षित स्थानांतरित किया तथा एमवी शेर अली को भी बंबूफ्लैट जेटी तक पहुंचाने में मदद की।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मछली पकड़ने वाली डोंगी के संचालक ने यात्री नौकाओं के निर्धारित मार्ग में जाल बिछाकर सुरक्षा नियमों की अनदेखी की थी। पूछताछ में डोंगी के संचालक की पहचान जंगलीघाट निवासी जी. कामराजू के रूप में बताई गई है। मास्टर ने पुलिस से मामले में आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।