

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) अंडमान एवं निकोबार इकाई ने कथित नीट-यूजी 2026 पेपर लीक एवं परीक्षा अनियमितताओं को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। एबीवीपी ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार सामने आ रही अनियमितताएं देशभर के लाखों छात्रों के भविष्य और विश्वास को सीधे प्रभावित कर रही हैं। छात्रों द्वारा वर्षों की मेहनत और समर्पण के साथ नीट जैसी परीक्षाओं की तैयारी की जाती है, लेकिन इस प्रकार की घटनाएं अभ्यर्थियों में भय, निराशा और असमंजस पैदा करती हैं। संगठन ने मांग की कि पूरे मामले की जांच किसी सक्षम केंद्रीय एजेंसी से कराई जाए तथा कथित पेपर लीक में शामिल सभी व्यक्तियों, शिक्षा माफिया और नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। एबीवीपी ने भविष्य की परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए परीक्षा प्रणाली और सुरक्षा तंत्र को और मजबूत बनाने की भी मांग की। इस मुद्दे पर एबीवीपी अंडमान एवं निकोबार के सचिव सत्यजीत हलदर ने कहा, “परीक्षा प्रणाली में भ्रष्टाचार और लापरवाही के कारण करोड़ों छात्रों के भविष्य से समझौता नहीं किया जा सकता। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में छात्रों का विश्वास बना रहे।” एबीवीपी अंडमान एवं निकोबार ने छात्रों के हितों की रक्षा तथा शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता और गरिमा बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।