पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बेटापुर क्रीक क्षेत्र में लापता मछुआरे को सुरक्षित बचाया गया

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बेटापुर क्रीक क्षेत्र में लापता मछुआरे को सुरक्षित बचाया गया
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : ओपी बेटापुर एवं पीएमएफ की पुलिस टीम द्वारा चलाए गए त्वरित और समन्वित बचाव अभियान के चलते बेटापुर क्रीक क्षेत्र में लापता हुए एक व्यक्ति को सुरक्षित बचा लिया गया। घटना की जानकारी उस समय सामने आई जब ड्यूक नगर निवासी निताई मिस्त्री ने ओपी बेटापुर में सूचना दी कि वह दिनेश नामक व्यक्ति के साथ बेटापुर क्रीक क्षेत्र में मछली पकड़ने गए थे। मछली पकड़ने के दौरान अचानक दिनेश बेहोश होकर पानी में गिर गए। निताई मिस्त्री ने तुरंत उन्हें बचाने का प्रयास किया और कुछ समय तक उन्हें पकड़कर रखा। इसके बाद दोनों ने तैरकर किनारे की ओर आने की कोशिश की। हालांकि डिंगी में चढ़ने के प्रयास के दौरान दिनेश कथित रूप से क्रीक के पानी में लापता हो गए। सूचना मिलते ही ओपी बेटापुर की पुलिस टीम एवं पीएमएफ के जवान तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुए और क्रीक क्षेत्र में व्यापक खोज अभियान शुरू किया गया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने दिनेश को क्रीक के किनारे से सुरक्षित ढूंढ निकाला और सफलतापूर्वक बचा लिया।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in