राजस्थान में गर्मी ने तोड़ा रिकार्ड.. लू के कहर से 1 दिन में 14 की मौत…. | Sanmarg

राजस्थान में गर्मी ने तोड़ा रिकार्ड.. लू के कहर से 1 दिन में 14 की मौत….

आसमान से बरस रही आग, चूरू में तापमान 50.5 डिग्री सेल्सियस, अब तक 49 की गई जान

कोटा : राजस्थान में भीषण गर्मी लगातार रिकॉर्ड बना रही है। मंगलवार को चूरू में तापमान 50.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह राजस्थान में इस सीजन का सर्वाधिक तापमान है। वहीं, पिलानी में गर्मी ने 25 साल का रिकॉर्ड तोड़ा है। यहां तापमान 49 डिग्री दर्ज किया गया। साल 1999 में पिलानी में तापमान 48.6 डिग्री दर्ज किया गया था।

प्रदेश में गर्मी से मौतों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। सोमवार को एक दिन में 14 मौत हुईं। प्रदेश में गर्मी से अब तक कुल 49 लोगों की जान गई है। टोंक में पिछले 24 घंटे में पति-पत्नी समेत 5 की मौत हुई। हालांकि अधिकांश मौतों में डॉक्टरों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट के बाद ही मौतों का कारण पता चल पाएगा। हालत यह है कि यहां के 11 शहरों में तापमान 47 डिग्री के पार है और 20 शहरों में तापमान 45 डिग्री के पार है। रात का तापमान 4 से 6 डिग्री अधिक है। यही हाल दिन में भी है। इसी के चलते हीट स्ट्रोक के 800 से ज्यादा मरीज विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं तथा पिछले 48 घंटों में कोटा में 21 लावारिस लाशें मिली हैं।

कोटा में 48 घंटे में 21 लावारिस लाशें 

प्राप्त सूचना के अनुसार कोटा में पिछले 48 घंटे में 21 लावारिस लाशें मिली हैं। ये शव अधिकतर फुटपाथ, रेलवे स्टेशन के आसपास या धार्मिक स्थलों के पास मिले हैं। इनमें सिर्फ 2 की पहचान हुई है। क्या इनकी मौत गर्मी के कारण हुई, इस पर सरकार बात करने से इंकार करती है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद ही बता पाएंगे कि हीट स्ट्रोक से जानें गई हैं या नहीं, लेकिन ये मौतें बहुत से सवाल तो उठा ही रही हैं।

अंतिम संस्कार करवाने वाली संस्था भी हैरान 

कर्मयोगी सेवा संस्था पिछले कई सालों से लावारिस शवों का अंतिम संस्कार करवाती है। उनका कहना है कि पहले ऐसा कभी नहीं हुआ कि दो दिन में इतने सारे लावारिस शवों की सूचना पुलिस से मिली हो। कर्मयोगी सेवा संस्था के अध्यक्ष राजा राम ने कहा कि मुझे 24 साल हो गए ये काम करते हुए। इस साल लगातार पुलिस के फोन आ रहे हैं। पहली बार इतनी बड़ी संख्या में लावारिस शव मिले रहे हैं। इन लावारिस शवों में से दो की पहचान हो चुकी है।

Visited 106 times, 1 visit(s) today
शेयर करे
0
0

Leave a Reply

ऊपर