विक्टोरिया मेट्रो स्टेशन पर TBM 'दुर्गा' का ऐतिहासिक ब्रेकथ्रू

जोका-एस्प्लेनेड मेट्रो परियोजना ने पार किया बड़ा पड़ाव
विक्टोरिया मेट्रो स्टेशन पर TBM 'दुर्गा' का ऐतिहासिक ब्रेकथ्रू
Published on

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : कोलकाता मेट्रो के इतिहास में शुक्रवार को एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज हुई। जोका-एस्प्लेनेड मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण कार्य के तहत टनल बोरिंग मशीन (TBM) 'दुर्गा' ने विक्टोरिया मेट्रो स्टेशन पर सफलतापूर्वक ब्रेकथ्रू कर लिया। इसके साथ ही खिदिरपुर से विक्टोरिया स्टेशन तक सुरंग निर्माण का एक महत्वपूर्ण चरण सफलतापूर्वक पूरा हो गया। यह ऐतिहासिक ब्रेकथ्रू शुक्रवार सुबह लगभग 10:30 बजे हुआ। इस अवसर पर मेट्रो रेलवे, कोलकाता के महाप्रबंधक प्रेम सागर गुप्ता, नेपाल के महावाणिज्यदूत, कोलकाता नगर निगम के आयुक्त, हावड़ा के पुलिस आयुक्त, रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL), निर्माण एजेंसी एलएंडटी (L&T) तथा मेट्रो रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

एक साल में पूरा हुआ अहम सुरंग निर्माण कार्य

टीबीएम 'दुर्गा' ने 10 जुलाई 2025 को खिदिरपुर से विक्टोरिया स्टेशन तक सुरंग बनाने का कार्य शुरू किया था। ठीक एक वर्ष बाद, 10 जुलाई 2026 को मशीन ने विक्टोरिया स्टेशन पर अंतिम दीवार को भेदते हुए सफल ब्रेकथ्रू किया। इस उपलब्धि के साथ इस खंड की एक सुरंग का निर्माण पूरा हो गया।

इंजीनियरिंग उत्कृष्टता और टीमवर्क का उदाहरण

मेट्रो रेलवे के अनुसार, टीबीएम 'दुर्गा' का सफल ब्रेकथ्रू परियोजना से जुड़े इंजीनियरों, तकनीकी विशेषज्ञों और श्रमिकों की उत्कृष्ट इंजीनियरिंग क्षमता, सटीक योजना, समन्वित टीमवर्क और समर्पण का प्रमाण है। चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद सुरंग निर्माण कार्य को सुरक्षित और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया गया।

जीएम ने टीम को दी बधाई

इस ऐतिहासिक अवसर पर मेट्रो रेलवे के महाप्रबंधक प्रेम सागर गुप्ता ने परियोजना से जुड़े सभी अधिकारियों, इंजीनियरों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि पूरी टीम ने गुणवत्ता और सुरक्षा के सर्वोच्च मानकों का पालन करते हुए अत्यंत पेशेवर तरीके से सुरंग निर्माण का कार्य पूरा किया। उन्होंने कहा कि पूरे निर्माण के दौरान सतह पर यातायात और आम जनजीवन को प्रभावित किए बिना काम को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया।

शहर की यातायात व्यवस्था को मिलेगा नया आयाम

मेट्रो अधिकारियों का कहना है कि जोका-एस्प्लेनेड मेट्रो परियोजना के पूरा होने से कोलकाता के दक्षिण-पश्चिम हिस्से को शहर के मध्य क्षेत्र से तेज, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल मेट्रो सेवा मिलेगी। इससे सड़क यातायात का दबाव कम होगा और यात्रियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।

विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

मेट्रो रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी के कन्नान ने कहा कि आधुनिक सार्वजनिक परिवहन अवसंरचना का विकास 'विकसित भारत' के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जोका-एस्प्लेनेड मेट्रो परियोजना के विभिन्न चरणों की प्रगति भविष्य में कोलकाता की शहरी परिवहन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी।


Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in