कंसावती नदी में दिखा विशाल मगरमच्छ, वीडियो वायरल होते ही वन विभाग सतर्क

पांशकुड़ा में दहशत, नदी में नहाने और मछली पकड़ने पर रोक 12-13 फीट के मगरमच्छ का वीडियो वायरल, हालांकि वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं
मगरमच्छ
मगरमच्छ
Published on

मेदिनीपुर : लगातार बारिश और विभिन्न जलाशयों से पानी छोड़े जाने के कारण कंसावती नदी उफान पर है। इसी बीच नदी में एक विशाल मगरमच्छ दिखाई देने का दावा किया गया है। मगरमच्छ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूर्व मेदिनीपुर के पांशकुड़ा इलाके में दहशत फैल गई है।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में करीब 12-13 फीट लंबे मगरमच्छ को कंसावती नदी के पानी में तैरते हुए देखा जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि पांशकुड़ा में कंसावती नदी के लॉकगेट के पास यह विशाल मगरमच्छ दिखाई दिया। किसी व्यक्ति ने मगरमच्छ की तस्वीर और वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसके बाद नदी किनारे बसे इलाकों में अफरातफरी मच गई। हालांकि, वीडियो वास्तव में कंसावती नदी का ही है या नहीं, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।

वन विभाग ने जारी की चेतावनी

मामले की जानकारी सामने आने के बाद पांशकुड़ा वन विभाग सक्रिय हो गया है। नदी किनारे स्थित विभिन्न गांवों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। लोगों को नदी में नहाने या मछली पकड़ने के लिए पानी में उतरने से मना किया गया है।

हालांकि, मगरमच्छ की खबर से लोगों में डर के साथ-साथ उत्सुकता भी बढ़ गई है। कई लोग खतरे की परवाह किए बिना नदी किनारे पहुंचकर मगरमच्छ को देखने की कोशिश कर रहे हैं। इससे किसी दुर्घटना की आशंका को देखते हुए वन विभाग ने लोगों से नदी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in