ऐप-आधारित कैब सेवाओं को लेकर परिवहन मंत्री की बैठक

CNG से लेकर किराया संशोधन तक कई मुद्दों पर चर्चा
ऐप-आधारित कैब सेवाओं को लेकर परिवहन मंत्री की बैठक
Published on

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : बंगाल के परिवहन मंत्री ने मैदान टेंट में ऐप-आधारित कैब सेवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर अहम बैठक की। बैठक में ऐप-कैब ऑपरेटरों, एग्रीगेटर कंपनियों, बंगाल गैस कंपनी तथा परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में कैब सेवाओं के लिए पर्याप्त CNG आपूर्ति, एग्रीगेटर ऐप के जरिए निजी और गैर-वाणिज्यिक वाहनों के व्यावसायिक इस्तेमाल, किराया संशोधन, एयरपोर्ट और प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को पिक-अप करने की व्यवस्था समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई। परिवहन मंत्री ने CNG की पर्याप्त और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यदि मौजूदा व्यवस्था से समस्या का जल्द समाधान नहीं होता है, तो वैकल्पिक आपूर्तिकर्ताओं से भी संपर्क किया जा सकता है। बैठक में यह भी तय किया गया कि निजी और गैर-वाणिज्यिक वाहनों के मालिकों और संचालकों को एग्रीगेटर ऐप के जरिए किराये पर वाहन चलाने से बाहर निकलने के लिए सार्वजनिक नोटिस के माध्यम से सात दिनों का समय दिया जाएगा। इसके बाद नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा किराया संशोधन, कानून-व्यवस्था संबंधी ड्यूटी में लगाए गए वाहनों के मुआवजे और कैब चालकों की शिकायतों के समाधान की व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। एयरपोर्ट और प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर निजी वाहनों के यात्री पिक-अप से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी और संबंधित पुलिस कमिश्नरेट के साथ बैठक आयोजित करने का भी फैसला लिया गया। परिवहन विभाग को सभी फैसलों पर करीबी नजर रखते हुए संबंधित विभागों और हितधारकों के साथ समन्वय कर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in