Kolkata Rapido Case : चाय पिलाकर लूट लिया फिर …

Kolkata Rapido Case : चाय पिलाकर लूट लिया फिर …
Published on: 

अम्हर्स्ट स्ट्रीट इलाके की घटना
कोलकाता : यात्री के रूप में चाय पिलाकर रैपिडो ड्राइवर को लूटने वाले जालसाज को कोलकाता पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घटना अम्हर्स्ट स्ट्रीट थाना इलाके की है। अभियुक्त का नाम मो. सैयद है। पुलिस के अनुसार गत 5 अगस्त की रात को घटना घटी थी। जानकारी के अनुसार 5 अगस्त की देर रात सैयद ने टेंगरा इलाके से ऐप बाइक बुक किया था। बाइक चालक उसे टेंगरा से लेकर राजाबाजार साइंस कॉलेज के पास पहुंचा। चलती बाइक पर बातचीत के दौरान सैयद ने बाइक चालक से दोस्ती कर ली। राजाबाजार पहुंचने पर एक चाय की दुकान खुली देख सैयद ने कहा कि उसे नींद आ रही है। चाय पीनी पड़ेगी। इसके बाद सैयद ने उसे साथ में चाय पीने का ऑफर दिया। चालक के राजी होने पर खुद वह चाय लेकर आया। आरोप है कि सैयद ने चाय में नशीली दवा मिलाकर उसे पिला दिया। आरोप है कि चाय पीते ही बाइक चालक साइंस कॉलेज के सामने अचेत हो गया। रात 3 बजे पुलिस ने उसे सड़क पर पड़ा देख आवाज दी लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। सुबह 5 बजे युवक को होश आया।
मोबाइल और नकदी लेकर हुआ नौ दो ग्यारह
होश आने पर युवक ने देखा कि उसका बाइक वहां है मगर उसका मोबाइल और 6500 रुपये नकद गायब हैं। युवक को बड़ाबाजार के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से इलाज कराने के बाद युवक घर लौट गया। मंगलवार को युवक ने अम्हर्स्ट स्ट्रीट थाने में शिकायत दर्ज कराई। यात्री के मोबाइल नंबर के जरिए उसे ट्रेस कर पुलिस ने अभियुक्त को नारकेलडांगा इलाके से गिरफ्तार किया। अभियुक्त के पास से लूटा गया मोबाइल फोन और रुपये बरामद किए गए। आरोप है कि इससे पहले भी अभियुक्त मो. सैयद ने इसी पद्धति से 5 बार लूट की घटनाओं को अंजाम दिया है। अभियुक्त को अदालत में पेश करने पर उसे 11 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

 

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in