जेसोर रोड मेट्रो स्टेशन पर 500 किलोवाट का सौर ऊर्जा संयंत्र शुरू

हर साल होगी 50 लाख रुपये की बचत
ऊर्जा संयंत्र
ऊर्जा संयंत्र
Published on

मेघा, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मेट्रो रेलवे, कोलकाता ने बुधवार को येलो लाइन के जेसोर रोड मेट्रो स्टेशन की छत पर 500 किलोवाट पीक (KWP) क्षमता वाले सौर ऊर्जा संयंत्र का शुभारंभ किया। मेट्रो रेलवे के महाप्रबंधक प्रेम सागर गुप्ता ने वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में इस सौर संयंत्र का उद्घाटन किया। यह संयंत्र प्रतिदिन औसतन 1,800 यूनिट बिजली का उत्पादन करेगा, जिससे मेट्रो रेलवे को हर वर्ष लगभग 50 लाख रुपये की ऊर्जा लागत की बचत होगी। अधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना की स्थापना लागत लगभग तीन वर्षों में ही वसूल हो जाएगी। संयंत्र की अनुमानित आयु 25 वर्ष है और इसे न्यूनतम रखरखाव के साथ संचालित किया जा सकेगा। इसकी कार्यक्षमता की निगरानी अत्याधुनिक क्लाउड-आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम के माध्यम से की जाएगी। जेसोर रोड मेट्रो स्टेशन इस सौर संयंत्र से उत्पन्न बिजली का उपयोग स्टेशन की सहायक आवश्यकताओं, जैसे प्रकाश व्यवस्था, लिफ्ट और एस्केलेटर के संचालन में करेगा। संयंत्र से आवश्यकतानुसार अतिरिक्त बिजली भी उपलब्ध होगी। मेट्रो रेलवे ने बताया कि वर्तमान में 6.5 मेगावाट पीक (MWp) क्षमता वाले सौर ऊर्जा संयंत्रों के लिए नोआपाड़ा की खाली भूमि, जेसोर रोड के आसपास तथा अन्य सेवा भवनों में कार्यादेश जारी किए जा चुके हैं। इसके अलावा, 13 मेगावाट पीक क्षमता वाले एक अन्य सौर ऊर्जा संयंत्र के लिए जल्द ही अनुबंध को अंतिम रूप दिया जाएगा। यह परियोजना नोआपाड़ा कारशेड तथा ऑरेंज और पर्पल लाइन के विभिन्न स्टेशनों एवं शेडों में शुरू की जाएगी। मेट्रो रेलवे की योजना के तहत लगभग 10 मेगावाट क्षमता के अतिरिक्त सौर संयंत्र भी प्रस्तावित हैं, जिनका कार्य वर्ष 2027 के आसपास शुरू होने की संभावना है। सभी प्रस्तावित परियोजनाएं पूरी होने के बाद मेट्रो रेलवे, कोलकाता की कुल स्थापित सौर ऊर्जा उत्पादन क्षमता 34.3 मेगावाट पीक तक पहुंच जाएगी। इससे प्रतिदिन लगभग 1.20 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन होगा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये प्रतिदिन होगी। साथ ही, हर वर्ष लगभग 36 मीट्रिक टन कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी, जिससे हरित एवं स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।


Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in