

एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित 'कहीं ना कहीं कोई है' (2002) के 24 सालों के बाद होस्ट के रूप में कमबैक करने जा रही हैं। सोनी मराठी और सोनी लिव पर प्रसारित होने वाले शो 'कौन बनेगा करोड़पति' के मराठी संस्करण के आठवें सीजन 'कोण होणार करोडपती' को वे जल्दी ही होस्ट करते हुए नजर आएंगी।
इस शो के सटीक प्रसारण की घोषणा जल्द ही चैनल द्वारा की जाएगी। अब तक केबीसी मराठी के 7 सीजन आ चुके हैं। माधुरी से पहले जाने-माने बॉलीवुड और मराठी एक्टर सचिन खेड़ेकर पहले, दूसरे, पांचवें, छठे और सातवें सीजन के होस्ट रहे हैं। एक्टर स्वप्निल जोशी शो के तीसरे और डायरेक्टर नागराज मंजुळे चौथे सीजन को होस्ट करते नजर आए थे।
'कौन बनेगा करोड़पति' के मराठी संस्करण के आठवें सीजन में माधुरी की फीस को लेकर एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इसके पूरे सीजन के लिए माधुरी दीक्षित को 24 से 25 करोड़ रुपये की फीस मिलेगी।
यदि यह खबर सच है तो निश्चित ही माधुरी व्दारा वसूल की जाने वाली यह एक बहुत बड़ी फीस होगी लेकिन अमिताभ बच्चन के मुकाबले उन्हैं मिलने वाली यह फीस न के बराबर है क्योंकि अमिताभ बच्चन को केवल एक हफ्ते के 5 एपीसोड्स के लिए मिलने वाली फीस ही 25 करोड़ रूपये होती है।
अमिताभ बच्चन ने बड़े पर्दे के साथ ही साथ अपने इस लोकप्रिय शो के जरिए छोटे पर्दे पर भी खास पहचान बनाई है। पिछले ढाई दशक से वो टीवी पर क्विज शो 'कौन बनेगा करोड़पति' से दर्शकों का दिल जीतते हुए आ रहे हैं। हाल ही में इस शो का 18वां सीजन शुरू हुआ है।
माधुरी दीक्षित ने लगभग 3 साल पहले अपने पति के साथ मिलकर ’आरएनएम प्रोडक्शन हाउस’ शुरू करते हुए फिल्म 'पंचक' (2023) का निर्माण किया लेकिन इस नये रूप में उन्हें कामयाबी नहीं मिल सकी। ऐसे में एक्टिंग और प्रोडक्शन दोनों मोर्चों पर नाकामी देख लेने के बाद माधुरी ने कुछ टीवी रियलिटीज शोज में बतौर जज काम किया लेकिन इन शो में उनके करने लायक कुछ खास था ही नहीं।
हाल के दिनों में वेव सीरीज 'मिसेज देशपांडे' (2025) और ओटीटी फिल्म 'मां बहन' (2026) के किरदारों के लिए माधुरी को खूब प्रशंसा मिली। अब उम्मीद की जा रही है कि 'कोण होणार करोडपती' के आठवे सीजन में बतौर होस्ट उनकी वापसी उन्हें कामयाबी के नये मुकाम की और ले जाएगी। (युवराज)सुभाष शिरढोनकर