WPL : एलिमिनेटर में पहुंचने के लिए जीत की तलाश में दिल्ली

दिल्ली की जीत उन्हें सीधे गुजरात जायंट्स के खिलाफ एलिमिनेटर में जगह दिला देगी
WPL : एलिमिनेटर में पहुंचने के लिए जीत की तलाश में दिल्ली
Published on

वडोदरा : कुछ शीर्ष बल्लेबाजों की खराब फॉर्म की समस्या से जूझ रही दिल्ली कैपिटल्स की टीम रविवार को यहां विमेंस प्रीमियर लीग मैच के आखिरी लीग मैच में यूपी वारियर्स के खिलाफ जीत की तलाश में होगी। दिल्ली की जीत उन्हें सीधे गुजरात जायंट्स के खिलाफ एलिमिनेटर में जगह दिला देगी। टीम ऐसी स्थिति में आठ अंक के साथ लीग में तीसरे स्थान पर रहेगी और गत चैंपियन मुंबई इंडियंस की टीम बाहर हो जाएगी। दूसरी ओर निचले पायदान पर मौजूद यूपी वाॅरियर्स की जीत मुंबई की टीम के लिए रास्ता खोल सकती है। उस स्थिति में तीन टीम – मुंबई, दिल्ली कैपिटल्स और वाॅरियर्स तीनों के समान छह अंक रहेंगे और नेट रन रेट तय करेगा कि फाइनल में जगह बनाने के लिए एलिमिनेटर में गुजरात जाइंट्स का सामना कौन सी टीम करेगी।

इन तीन टीम में से माइनस 1.146 के साथ वाॅरियर्स का नेट रन रेट सबसे खराब है। दिल्ली का माइनस 0.164 जबकि मुंबई का प्लस 0.059 है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की टीम आठ मैच में छह जीत के साथ पांच टीम की तालिका में शीर्ष पर रहते हुए पहले ही सीधे फाइनल में जगह बना चुकी है। दिल्ली की शीर्ष क्रम की बल्लेबाजों ने मौजूदा सत्र में अधिक रन नहीं बनाए हैं। दक्षिण अफ्रीका की लिजेल ली सात मैच में 230 रन के साथ टीम की सबसे सफल बल्लेबाज हैं। उनकी हमवतन स्टार लॉरा वोल्वार्ट ने सात मैच में 194 रन बनाए हैं जो उम्मीद से कम है। शेफाली वर्मा सात मैच में 179 रन ही बना पाई हैं। दिल्ली को इस अहम मैच में इस भारतीय सलामी बल्लेबाज से बड़े योगदान की उम्मीद होगी।

नई कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स ने सात मैच में 132 रन बनाकर बेहद निराश किया है और उनकी एक बड़ी पारी टीम को जीत दिला सकती है। उनका मौजूदा सत्र का अब तक का सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 51 रन रहा है। गेंदबाजी में भी दिल्ली के विदेशी खिलाड़ियों का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। दक्षिण अफ्रीका की अनुभवी मारिजेन कैप और वेस्टइंडीज की चिनेल हेनरी सिर्फ सात और छह विकेट चटका पाई हैं। भारतीय गेंदबाजों स्नेह राणा और मीनू मणि का भी यही हाल है।

असल में मौजूदा सत्र में दिल्ली के लिए विकेट चटकाने की जिम्मेदारी दो युवा खिलाड़ियों अनकैप्ड (जिसने कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला हो) तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा (सात मैच में 14 विकेट) और भारत की बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी (सात मैच में 12 विकेट) ने निभाई है। दूसरी ओर वारियर्स की टीम लगातार दो हार के बाद इस मैच में उतर रही है। शुक्रवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ पिछले मैच में टीम को आठ विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी। वाॅरियर्स की टीम आठ विकेट पर 143 रन ही बना सकी और फिर सिर्फ 13.1 ओवर में मैच गंवा दिया जिससे उसके आत्मविश्वास को झटका लगा होगा। टीम को हालांकि जल्द एकजुट होना होगा।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in