Women's T-20 Asia Cup 2026 : 5 सितंबर को भिड़ेंगे भारत-पाकिस्तान

दुबई में 28 अगस्त से 13 सितंबर तक चलेगा महिला T-20 एशिया कप, एशिया की शीर्ष 8 टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी, 5 सितंबर को भारत-पाकिस्तान का हाई-वोल्टेज मुकाबला
Women's T-20 Asia Cup 2026 : 5 सितंबर को भिड़ेंगे भारत-पाकिस्तान
Published on

दुबई : एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) ने महिला T-20 एशिया कप 2026 के आधिकारिक कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। इस बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का आयोजन 28 अगस्त से 13 सितंबर 2026 तक संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में किया जाएगा। क्रिकेट प्रेमियों के लिए सबसे बड़ा रोमांच 5 सितंबर को देखने को मिलेगा, जब हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी।

ग्रुपों का समीकरण : टूर्नामेंट में एशिया की शीर्ष 8 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें दो समूहों में विभाजित किया गया है। ग्रुप-A में डिफेंडिंग फाइनलिस्ट भारत, पाकिस्तान, थाईलैंड और हांगकांग-चीन को जगह मिली है। वहीं, ग्रुप-B में मौजूदा चैंपियन श्रीलंका, बांग्लादेश, मेजबान UAE और इंडोनेशिया शामिल हैं। प्रत्येक ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी।

भारतीय टीम का कार्यक्रम : भारतीय महिला क्रिकेट टीम अपने अभियान की शुरुआत 30 अगस्त को थाईलैंड के खिलाफ करेगी। इसके बाद 3 सितंबर को टीम इंडिया का सामना हांगकांग से होगा। ग्रुप स्टेज का आखिरी और सबसे बड़ा मुकाबला 5 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ खेला जाएगा।

नॉकआउट और फाइनल : टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच 28 अगस्त को थाईलैंड और हांगकांग के बीच खेला जाएगा। ग्रुप चरण के बाद, पहला सेमीफाइनल 10 सितंबर को और दूसरा सेमीफाइनल 11 सितंबर को आयोजित होगा। टूर्नामेंट का महामुकाबला यानी फाइनल मैच 13 सितंबर को खेला जाएगा। श्रीलंका की टीम इस समय डिफेंडिंग चैंपियन है, जिसने पिछले संस्करण में भारत को हराया था।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in