महिला वनडे सीरीज : भारत की नजरें ऑस्ट्रेलिया को हराने पर

मैच का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्टस नेटवर्क पर किया जाएगा। वहीं लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

ब्रिसबेन : T-20 सीरीज जीत चुकी मौजूदा विश्व चैंपियन भारतीय टीम तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मैच में मंगलवार को ऑस्ट्रेलिया से खेलेगी तो उसे मनोवैज्ञानिक बढ़त हासिल होगी। मैच सुबह 9:20 से शुरू होगा। मैच का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्टस नेटवर्क पर किया जाएगा। वहीं लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी। भारत ने पिछले साल नवी मुंबई में विश्व कप सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराया था। यह सीरीज इसलिये भी महत्वपूर्ण है क्योंकि ऑस्ट्रेलिया की महानतम खिलाड़ियों में से एक एलिसा हीली इसके बाद वनडे प्रारूप से विदा लेने जा रही हैं। भारत के खिलाफ छह मार्च से पर्थ में शुरू हो रहा टेस्ट उनके कैरियर का आखिरी मैच होगा।

तीन मैचों की T-20 सीरीज से बाहर रहने के बाद हीली की वापसी हुई है। भारत ने सीरीज 2-1 से जीती जो पिछले एक दशक में इस प्रारूप में ऑस्ट्रेलिया में सीरीज में उसकी पहली जीत थी । स्टार लेग स्पिनर अलाना किंग भी वनडे और टेस्ट टीम में लौटी हैं। भारत के लिये काशवी गौतम, हरलीन देयोल और प्रतिका रावल टीम में अरूंधति रेड्डी, भारती फुलमाली और श्रेयांका पाटिल की जगह आई हैं। टखने की चोट से उबरी प्रतिका को बाद में वनडे टीम में शामिल किया गया। स्टार सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने तीसरे T-20 में 82 रन बनाये और वह इस फॉर्म को जारी रखना चाहेंगी।

मंधाना ने कहा, ‘ऑस्ट्रेलिया को ऑस्ट्रेलिया में हराना खास है। हम विश्व क्रिकेट में दबदबा बनाना चाहते हैं लिहाजा किसे कराते हैं और कहां हराते हैं, यह मायने नहीं रखता। हमें बस लगातार जीतना है और शीर्ष पर रहना है।’ वनडे विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया पर पांच विकेट से मिली जीत में 127 रन बनाने वाली जेमिमा रौड्रिग्स भी अच्छी लय में हैं जिन्होंने तीसरे T-20 में 59 रन बनाये थे। कप्तान हरमनप्रीत कौर को पहले T-20 में बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला लेकिन दूसरे में उन्होंने 36 और तीसरे में नाबाद दो रन बनाये थे।

गेंदबाजी में रेणुका ठाकुर और श्री चरणी ने अच्छा प्रदर्शन किया है। दीप्ति शर्मा से फॉर्म में लौटने की उम्मीद होगी। ऑस्ट्रेलियाई टीम में मैच जिताने वाले खिलाड़ियों की कमी नहीं है। एलिसे पैरी, एशले गार्डनर, बेथ मूनी, ताहलिया मैकग्रा, हीली और किंग से प्रेरणा लेकर वे वापसी की कोशिश करेंगे। दूसरा मैच 27 फरवरी को और तीसरा एक मार्च को होबार्ट में खेला जायेगा।ट्रॉफी का निर्धारण अंकों के आधार पर होगा। हर T-20 और वनडे मैच जीतने पर दो और टेस्ट जीतने पर चार अंक दिये जायेंगे।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in