महिला क्रिकेट टीम का लंदन में भव्य स्वागत

हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम और मुख्य कोच अमोल मजूमदार के नेतृत्व में सहयोगी स्टाफ शनिवार शाम को भारतीय उच्चायोग के प्रांगण में आयोजित समारोह में शामिल हुए
महिला क्रिकेट टीम का लंदन में भव्य स्वागत
Published on: 

लंदन : टी-20 अंतरराष्ट्रीय और एकदिवसीय सीरीज खेलने के लिए इंग्लैंड के दौरे पर आई भारतीय महिला क्रिकेट टीम का यहां इंडिया हाउस में एक समारोह में भव्य स्वागत किया गया। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम और मुख्य कोच अमोल मजूमदार के नेतृत्व में सहयोगी स्टाफ शनिवार शाम को भारतीय उच्चायोग के प्रांगण में आयोजित समारोह में शामिल हुए। ब्रिटेन में भारतीय उच्चायुक्त विक्रम दोरईस्वामी ने उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर दोरईस्वामी ने कहा, ‘उन्होंने जो किया है, वह खेलों में क्रांति लाने वाला है और यह भारत में हर चीज में भागीदारी के विचार में क्रांतिकारी बदलाव है।’ उन्होंने टीम को संबोधित करते हुए कहा, ‘आज ऐसा कुछ भी नहीं है जिसके बारे में भारत की युवा महिलाएं सोचती हैं कि वे ऐसा नहीं कर सकती हैं, क्योंकि आप और क्रिकेट खिलाड़ियों की एक पुरानी पीढ़ी ने ऐसा किया है। आपके पास जादू है और आप मैदान पर जहां भी खेलती हैं, इसे हमारे साथ साझा करती हैं, जिसके लिए हम बहुत-बहुत आभारी हैं।’

दोरईस्वामी ने कहा, ‘जब आप हमारी क्रिकेट टीम, हमारी हॉकी टीम या हमारी किसी भी खेल की टीम को देखेंगे तो पाएंगे कि यह भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रतिनिधित्व करती हैं।’ उन्होंने कहा, ‘ये सिर्फ़ हमारी बेहतरीन खिलाड़ी ही नहीं हैं, बल्कि ये वो लड़कियां हैं जो हमारे देश के हर कोने से भारत का प्रतिनिधित्व करती हैं।’ ऑलराउंडर जेमिमा रोड्रिग्स ने फिल्म शोले का गीत ये दोस्ती हम नहीं तोडेंगे गाकर लोगों का मन लुभाया जबकि उपकप्तान स्मृति मंधाना ने सीरीज के बाकी बचे मैच देखने के लिए स्टेडियम में आने की अपील की।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in