महिला एशिया कप : बांग्लादेश के खिलाफ भारत का पलड़ा भारी

सात बार की चैंपियन भारतीय टीम बेहतरीन फॉर्म, मजबूत बल्लेबाजी और घातक स्पिन आक्रमण के दम पर बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल में प्रबल दावेदार, राजनीतिक तनाव के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबले की तैयारी
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

दुबई : सात बार की चैंपियन भारतीय टीम बांग्लादेश के खिलाफ महिला एशिया कप के पहले सेमीफाइनल में उतरेगी तो कड़ी मैदानी प्रतिद्वंद्विता और दोनों देशों के बीच राजनयिक तनाव की पृष्ठभूमि में होने वाले इस मुकाबले में हरमनप्रीत कौर की टीम का पलड़ा भारी रहेगा। बांग्लादेश में राजनीतिक बदलाव के बाद भारत और बांग्लादेश के राजनयिक संबंध तनावपूर्ण रहे हैं । दोनों देशों के बीच तनाव का असर अतीत में अक्सर क्रिकेट के मैदान पर भी देखने को मिला है और यह इस मैच में भी देखा जा सकता है। मौजूदा राजनीतिक तनाव के कारण भारतीय पुरुष टीम का बांग्लादेश दौरा कई बार स्थगित हो चुका है। जहां तक क्रिकेट का सवाल है तो भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में रही है और सारे मैच जीतकर ग्रुप ए में शीर्ष स्थान हासिल किया।

ग्रुप चरण में भारत ने पारंपरिक प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 55 रन पर समेटकर सात विकेट से जीत हासिल की। भारतीय बल्लेबाजी काफी मजबूत रही है और स्मृति मंधाना ने हांगकांग के खिलाफ 64 गेंद में 124 रन बनाकर फिर साबित कर दिया कि उन्हें आधुनिक दौर के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में क्यों गिना जाता है। महिला T-20 क्रिकेट में सबसे तेजी से 3000 रन पूरे करने वाली विस्फोटक बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने टीम को अच्छी शुरूआत देकर पावरप्ले में विरोधी टीमों को दबाव में रखा है। मध्यक्रम में कप्तान हरमनप्रीत और विकेटकीपर बल्लेबाज रिचा घोष ने आखिरी ओवरों में अच्छे रन बनाये हैं। गेंदबाजी में भारत के पास विविधता और गहराई है।

दीप्ति शर्मा महिला T-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गई हैं। उन्होंने राधा यादव और श्री चरणी के साथ मिलकर हर मैच में स्पिन का जाल बखूबी बुना है। तेज गेंदबाज रेणुका ठाकुर ने नयी गेंद बखूबी संभालकर टीम को शुरूआती सफलतायें दिलाई है। दूसरी ओर बांग्लादेश ने यूएई को 34 रन से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। निगार सुल्ताना की टीम की बल्लेबाजी की कमजोरी उजागर हो गई थी जब उसके छह विकेट 55 रन पर गिर गए थे। इसके बाद शरमीन अख्तर और निगार ने पारी को संभाला। बांग्लादेश के बल्लेबाजों को भारतीय स्पिन और तेज आक्रमण के सामने अच्छा प्रदर्शन करना होगा।

गेंदबाजी में राबिया खान, नाहिदा अख्तर और मारूफा अख्तर के लिये भी भारतीय बल्लेबाजों पर अंकुश लगाने की कठिन चुनौती होगी। इतिहास और मौजूदा फॉर्म भले ही भारत के पक्ष में हो लेकिन T-20 प्रारूप अप्रत्याशित है और विरोधी को कतई हलके में नहीं लिया जा सकता। भारत ने अब तक सात बार यह टूर्नामेंट जीता है जबकि श्रीलंका और बांग्लादेश एक एक बार जीत चुके हैं। श्रीलंका मौजूदा चैंपियन है और बांग्लादेश ने 2018 में खिताब जीता था।

भारत : हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), गुनालन कमलिनी (विकेटकीपर), प्रतिका रावल, शेफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा, क्रांति गौड़, प्रेमा रावत, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह ठाकुर, नंदनी शर्मा, श्री चरणी, राधा यादव।

बांग्लादेश : निगार सुल्ताना (कप्तान), नाहिदा अख्तर (उपकप्तान), दिलारा अख्तर, फरजाना एस्मिन, जुएरिया फिरदौस, शरमीन अख्तर सुप्ता, सरमीन सुल्ताना, शोभना मोस्तारी, शोरना अख्तर, रितु मोनी, फाहिमा खातून, राबिया खान, मारूफा अख्तर, सुल्ताना खातून, शंजीदा अख्तर।  

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in