हमें एक मिनट भी बर्बाद नहीं करना है : कोहली

एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर पहले अभ्यास सत्र के दौरान कोहली ने कहा कि उसी जज्बे को बरकरार रखना है जिसके दम पर उन्होंने पिछले साल खिताब जीता था
IPL
फाइल फोटोRavi Choudhary
Published on

बेंगलुरू : करिश्माई बल्लेबाज विराट कोहली ने शनिवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) के अपने साथी खिलाड़ियों से ‘स्विच आन’ करने का आग्रह किया और कहा कि IPL खिताब बरकरार रखने की तैयारी में अब उन्हें अभ्यास सत्र का एक मिनट भी बर्बाद नहीं करना है। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर पहले अभ्यास सत्र के दौरान कोहली ने कहा कि उसी जज्बे को बरकरार रखना है जिसके दम पर उन्होंने पिछले साल खिताब जीता था। कोहली ने कहा, ‘हमने पिछले दो तीन सत्र में काफी मेहनत की है जिसके दम पर पिछले साल यह उपलब्धि हासिल कर सके। अब रास्ता और कठिन होगा क्योंकि बाकी टीमें भी पूरी चुनौती देंगी।’

RCB को 28 मार्च को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर पहले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद से खेलना है। कोहली ने कहा, ‘हमें समय बर्बाद नहीं करना है। हमें आगे रहना है तो स्विच आन कर लीजिये। किसी भी सत्र का एक मिनट भी व्यर्थ नहीं करना है। हमें अगले ढाई महीने में अपना 120 प्रतिशत देना होगा।’ RCB ने टीम में वेंकटेश अय्यर, मंगेश यादव, जोर्डन कॉक्स, विकी ओस्तवाल और सात्विक देसवाल को शामिल किया है। मुख्य कोच एंडी फ्लावर ने कहा, ‘नीलामी काफी रोचक थी और हमारी टीम बेहतर हुई है।

हमने कुछ बेहतरीन खिलाड़ियों को लिया है। विराट और रजत की अगुवाई में स्थापित खिलाड़ियों के साथ उन्हें RCB का हिस्सा बनाना रोमांचक होगा।’ उन्होंने यह भी कहा, ‘इस साल बात अलग होगी क्योंकि अब हम खिताब जीत चुके हैं। RCB के सभी प्रशंसकों के लिये यह गर्व की बात है। लेकिन अब पिछला सत्र बीत गया है और नयी चुनौती सामने है। यह काफी रोमांचक है और हम IPL जीतने आये हैं।’ विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा ने कहा,‘सभी एक दूसरे से मिलकर बहुत खुश हैं। सभी कोचों से फिर मिलकर और अभ्यास करके बहुत अच्छा लग रहा है।’  

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in