'विराट कोहली हमेशा RCB के नायक रहेंगे'

RCB आगामी IPL में मौजूदा चैंपियन के रूप में उतरेगी। टीम ने पिछले सत्र 18 साल के लंबे इंतजार के बाद अपना पहला आईपीएल खिताब जीता था।
IPL
Ravi Choudhary
Published on

बेंगलुरू : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) के क्रिकेट निदेशक मो बोबाट ने विराट कोहली के 18 वर्षों से टीम के साथ बने रहने अविश्वसनीय रिकॉर्ड पर हैरानी व्यक्त करते हुए कहा कि इस सुपरस्टार ने अपनी युवावस्था और करियर का सर्वश्रेष्ठ समय इस आईपीएल फ्रेंचाइजी को समर्पित किया है इसलिए ‘थिंक टैंक’ को उनके लिए एक चैंपियनशिप जीतने वाली टीम तैयार करना चाहिये। RCB आगामी IPL में मौजूदा चैंपियन के रूप में उतरेगी। टीम ने पिछले सत्र 18 साल के लंबे इंतजार के बाद अपना पहला आईपीएल खिताब जीता था। फ्रेंचाइजी में कोहली की प्रतिष्ठा पर ‘RCB पॉडकास्ट’ में बोबाट ने कहा, ‘विराट कोहली हमेशा इस टीम के ‘आइकन’ और नायक रहेंगे। यह कभी नहीं बदलेगा और वह इसके हकदार हैं। उनका ट्रैक रिकॉर्ड अविश्वसनीय है।’

उन्होंने कहा, ‘मुझे याद है पिछले सत्र मैं एक समय उनके आंकड़े देख रहा था जब वह करीब 9,000 रन तक पहुच गए थे और वो भी 18 साल तक सिर्फ एक ही टीम की जर्सी पहनकर। यानी हर सत्र लगभग 500 रन।’ बोबाट ने कहा, ‘यह वास्तव में अविश्वसनीय है। सात साल तक कुछ खिलाड़ी 500 रन के एक सत्र से खुश हो जाते हैं। वह 18 साल तक हर सत्र औसतन 500 रन बनाते रहे हैं। यह सच में हैरान कर देने वाला है। इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।’ कोहली 2008 से RCB के स्तंभ रहे हैं और एक ही टीम के लिए 9,000 से अधिक रन (आठ शतकों सहित) बनाकर IPL के सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन चुके हैं। उनका सबसे शानदार प्रदर्शन 2016 में रहा, जब उन्होंने एक ही सत्र में 973 रन बनाकर रिकॉर्ड कायम किया।

कोहली के इर्द-गिर्द चैंपियन टीम बनाने पर बोबाट ने कहा, ‘एंडी फ्लावर और मैं उनके लिए जो सबसे अच्छा कर सकते हैं, वह है उन्हें एक चैंपियन टीम देना। वह अपने करियर के उस चरण में हैं, जहां वह लगातार जीतना चाहते हैं।’ उन्होंने कहा, ‘वह अपने आसपास अच्छे खिलाड़ी चाहते हैं क्योंकि वह जीतना चाहते हैं। वह विजेता हैं।’ RCB ने रजत पाटीदार की कप्तानी में खिताब जीता जिन्होंने IPL 2025 से पहले फाफ डुप्लेसी से यह जिम्मेदारी संभाली थी। आगामी सत्र के बारे में बोबाट ने कहा कि आरसीबी लगातार दूसरा खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ उतरेगी। उन्होंने कहा, ‘हम गत चैंपियन नहीं हैं। हम कुछ बचाने नहीं जा रहे। हम मौजूदा चैंपियन हो सकते हैं, लेकिन हमारा नजरिया बचाव का नहीं होगा। हम आक्रामक रहेंगे। हम कुछ नया हासिल करने की कोशिश करेंगे। हम लगातार दो खिताब जीतना चाहते हैं।’  

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in