विजय हजारे ट्रॉफी : शमी करेंगे बंगाल की अगुवाई

शमी लंबे समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं लेकिन उन्होंने चोट से उबरने के बाद बंगाल की तरफ से घरेलू क्रिकेट में शानदार वापसी की।
File photo
File photo
Published on: 

कोलकाता : भारतीय टीम से बाहर चल रहे तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को आगामी विजय हजारे ट्रॉफी एकदिवसीय प्रतियोगिता के लिए बंगाल की टीम में शामिल किया गया है। शमी लंबे समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं लेकिन उन्होंने चोट से उबरने के बाद बंगाल की तरफ से घरेलू क्रिकेट में शानदार वापसी की। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में वर्तमान सत्र में अभी तक सभी प्रारूप में 36 विकेट लिए हैं।

भारतीय घरेलू सत्र की शुरुआत रणजी ट्रॉफी से हुई जिसमें शमी ने चार मैच में 18.60 के औसत से 20 विकेट लिए। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी T-20 टूर्नामेंट में भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा और सात मैचों में 14.93 के औसत से 16 विकेट हासिल किए। विजय हजारे ट्रॉफी में शमी बंगाल के तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करेंगे। बंगाल की टीम में भारतीय तेज गेंदबाज आकाश दीप और मुकेश कुमार भी शामिल हैं।

बंगाल में शुक्रवार को विजय हजारे ट्रॉफी के लिए अपनी टीम की घोषणा की जिसमें शीर्ष क्रम के बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन को कप्तान बनाया गया है। बंगाल को एलीट ग्रुप बी में रखा गया है और वह 24 दिसंबर को राजकोट में विदर्भ के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा। इस ग्रुप की अन्य टीमें असम, बड़ौदा, जम्मू कश्मीर, हैदराबाद, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in