IPL में 264 रन बनाकर भी हारी ये टीम

दिल्ली के खिलाफ पंजाब किंग्स ने IPL इतिहास का सबसे बड़ा चेज किया
IPL में 264 रन बनाकर भी हारी ये टीम
KARMA
Published on

नयी दिल्ली : पंजाब किंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग T-20 मैच में शनिवार को यहां रिकॉर्ड लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को छह विकेट से शिकस्त दी। कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए दो विकेट पर 264 रन बनाए, लेकिन पंजाब किंग्स ने 18.5 ओवर में चार विकेट पर 265 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। यह IPL में लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे बड़ी जीत है। पंजाब किंग्स के लिए सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह ने 76, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर ने नाबाद 71 रन बनाए। कैपिटल्स के लिए कुलदीप यादव ने दो, जबकि अक्षर पटेल और विप्रज निगम ने एक-एक विकेट लिए।

इससे पहले लोकेश राहुल की आक्रामक नाबाद शतकीय पारी और नीतीश राणा के साथ दूसरे विकेट के लिए 96 गेंदों में 220 रन की साझेदारी के दम पर दिल्ली कैपिटल्स दो विकेट पर 264 रन बनाने में सफल रहा। यह मौजूदा सत्र का सर्वोच्च स्कोर होने के साथ IPL इतिहास में कैपिटल्स का सबसे बड़ा स्कोर है। IPL में अपने छठे शतक के दौरान राहुल ने 67 गेंदों की पारी में 16 चौके और नौ छक्के लगाए, जबकि राणा ने 44 गेंदों की पारी में 11 चौके और चार छक्कों की मदद से 91 रन बनाए। दोनों की 220 रन की साझेदारी IPL की दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड विराट कोहली और एबी डिविलियर्स के नाम है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की इस जोड़ी ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 2016 में दूसरे विकेट के लिए 229 रन की साझेदारी की थी।

राहुल का यह स्कोर किसी भारतीय बल्लेबाज का IPL में सबसे बड़ा, जबकि ओवरऑल तीसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है। उन्होंने 226 के स्ट्राइक रेट से रन बनाये। राहुल को 12 रन के स्कोर पर अर्शदीप की गेंद पर शशांक सिंह ने कैच छोड़कर जीवनदान दिया और इस बल्लेबाज ने उसका पूरा फायदा उठाते हुए मैदान के हर कोने में बाउंड्री लगाई।पंजाब किंग्स के लिए अर्शदीप सिंह और जेवियर बार्टलेट ने एक-एक विकेट लिए, लेकिन टीम के सभी गेंदबाजों ने रन लुटाए। बार्टलेट ने चार ओवर में 69 रन दिए, जबकि विजयकुमार वैशाख ने तीन ओवर में 48 रन दिए। पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद राहुल ने दूसरे ओवर में बार्टलेट का स्वागत लगातार दो चौकों से किया, लेकिन अर्शदीप की गेंद पर शशांक सिंह ने उनका आसान कैच टपका दिया। अर्शदीप ने हालांकि पथुम निसांका (11) को आउट कर पवेलियन की राह दिखाई।

राहुल ने इसी ओवर में दिल्ली की पारी का पहला छक्का जड़ा, वहीं क्रीज पर आए नीतीश राणा ने मार्को यानसेन और फिर वैशाख के खिलाफ लगातार गेंदों पर चौके जड़े। राहुल ने वैशाख की फुलटॉस गेंद को दर्शकों तक पहुंचाया। पावर प्ले में एक विकेट पर 68 रन बनाने के बाद राहुल ने युजवेंद्र चहल की गेंद को लॉन्ग ऑन के ऊपर से छक्के के लिए भेजने के बाद राणा के साथ 25 गेंदों में अर्द्धशतकीय साझेदारी पूरी की। राहुल ने युजवेंद्र चहल की लगातार गेंदों पर सीधे शॉट में शानदार चौके जड़े, वहीं राणा ने 12वें ओवर में बार्टलेट के खिलाफ दो छक्के और चार चौके लगाकर ओवर से 28 रन बटोरे। इस दौरान उन्होंने 29 गेंदों में अपना अर्धशतक और राहुल के साथ शतकीय साझेदारी पूरी की। राहुल ने स्टोइनिस की गेंद पर कवर-प्वाइंट के ऊपर से कमाल का छक्का लगाया और फिर अर्शदीप के खिलाफ कवर क्षेत्र में बड़ा छक्का जड़ा और यह गेंद दर्शकदीर्धा में पहली मंजिल पर जा गिरी।

उन्होंने यानसेन के खिलाफ 15वें ओवर में चौका लगाकर 47 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। IPL में यह राहुल का सबसे तेज शतक है। इससे पहले उन्होंने 2018 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 56 गेंदों में अपना सबसे तेज शतक बनाया था। कैपिटल्स ने सातवें से 15वें ओवर के बीच बिना विकेट गंवाए 121 रन बटोरे और बड़े स्कोर की ओर कदम बढ़ाए। राहुल ने अगले ओवर में आक्रामक तेवर जारी रखते हुए वैशाख के खिलाफ काउ कॉर्नर, फाइन लेग और कवर क्षेत्र के ऊपर से लगातार तीन छक्के लगाकर ओवर से 24 रन बटोरे, जिससे कैपिटल्स का स्कोर एक विकेट पर 213 रन हो गया। चहल की गेंद पर स्टोइनिस ने राणा का बाउंड्री के पास शानदार कैच लपका, लेकिन रिप्ले में उनका पैर बाउंड्री से टकराता दिखा, जिससे यह छह रन हो गए। राहुल ने यानसेन के खिलाफ छक्का जड़कर राणा के साथ 88 गेंदों में 200 रन की साझेदारी पूरी की। राणा ने बार्टलेट के खिलाफ लगातार गेंदों पर छक्का और चौका लगाकर शतक की ओर कदम बढ़ाए, लेकिन कप्तान श्रेयस अय्यर ने शानदार कैच लपककर उन्हें आउट किया। राहुल ने आखिरी ओवर में अर्शदीप की गेंद को विकेटकीपर के ऊपर से चार रन के लिए भेजकर 66 गेंदों में 150 रन के आंकड़े को पार किया।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in