चोटिल कोहली की जगह इस खिलाड़ी को मिली टीम में इंट्री

मांसपेशियों की चोट से जूझ रहे विराट कोहली अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हैं, चयनकर्ताओं ने युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल पर जताया भरोसा
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

मुंबई : स्टार बल्लेबाज विराट कोहली मांसपेशियों में खिंचाव से उबर नहीं सके हैं । वह इस महीने के अंत में अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज में नहीं खेल पाएंगे। चयनकर्ताओं ने उनकी जगह शनिवार को यशस्वी जायसवाल को टीम में शामिल किया।ये तीन वनडे मैच 13, 17 और 20 जून को क्रमश: धर्मशाला, लखनऊ और चेन्नई में खेले जाएंगे। टेस्ट और T-20 से संन्यास लेने के बाद सिर्फ एक प्रारूप में खेलने वाले कोहली को अहमदाबाद में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) और गुजरात टाइटंस के बीच हाल में हुए IPL फाइनल के दौरान मांसपेशियों में खिंचाव हो गया था। कोहली ने नाबाद 75 रन बनाकर RCB को लगातार दूसरी बार IPL का खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। BCCI मुख्यालय में एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने पत्रकारों से कहा, ‘विराट को फाइनल में चोट लगी भी जिसे अभी एक हफ्ता भी नहीं हुआ है।

हम उनकी स्थिति का आकलन करेंगे, लेकिन अभी हमें समय-सीमा के बारे में पता नहीं है।’ उन्होंने कहा, ‘यशस्वी उनकी जगह लेंगे। लेकिन लगता है कि कोहली इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज (जुलाई में) के लिए फिट हो सकते हैं, हालांकि अभी यह पक्का नहीं है।’ अगरकर ने कहा, ‘इसलिए मेरी बात को पक्का नहीं मानें। मुझे अभी तक फिजियो से कोई स्पष्ट समय-सीमा नहीं मिली है।’ भारत के लिए सभी प्रारूप में खेलने वाले जायसवाल ने फरवरी 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ पदार्पण करने के बाद से अब तक सिर्फ चार वनडे मैच खेले हैं। इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने विशाखापत्तनम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 116 रन की मैच विजयी पारी खेली थी, जो उनका पहला वनडे शतक था।इस बीच BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि पूर्व कप्तान रोहित शर्मा बेंगलुरू स्थित ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ (COA) जाएंगे, जहां ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या का रिहैबिलिटेशन लगभग पूरा होने वाला है।

सैकिया ने कहा, ‘हार्दिक COA बेंगलुरू में हैं। वह बहुत जल्द ठीक होने के आखिरी चरण में पहुंच जाएंगे और उन्हें खेलने की मंजूरी मिलने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।’ पांड्या को अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे टीम में शामिल किया गया है लेकिन आयरलैंड और इंग्लैंड के दौरे के अलावा एशियाई खेलों की टीम में उन्हें शामिल नहीं किया गया क्योंकि 50 ओवर के प्रारूप में उनके कार्यभार का ध्यान रखा गया है। पूर्व कप्तान रोहित भी अब सिर्फ वनडे मैच खेलते हैं, उन्हें भी IPL के दौरान मांसपेशियों की चोट लगी थी जिसकी वजह से वह इस सत्र में मुंबई इंडियंस के लिए सिर्फ नौ मैच खेल पाए। उन्होंने कहा, ‘जहां तक ​​रोहित की बात है, वह भी दो-तीन दिन में सीओए जा रहे हैं। हम हर उस खिलाड़ी के लिए एक प्रक्रिया अपना रहे हैं जो किसी तरह की चोट से जूझ रहा है और यह देख रहे हैं कि उनका रिहैबिलिटेशन कार्यक्रम क्या है।’ सैकिया ने कहा, ‘उन्हें सीओए से हमारी तकनीकी टीम के पास मंजूरी के लिए आना होगा। इसलिए प्रक्रिया चल रही है और हम उनकी फाइनल फिटनेस मंजूरी का इंतजार कर रहे हैं।

अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे के लिए अपडेट हुई भारतीय टीम

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in