भ्रम में जी रही है टीम : प्रसाद

भ्रम में जी रही है टीम : प्रसाद
Published on: 

नयी दिल्ली : भारत के पूर्व तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद ने सोमवार को हार्दिक पांड्या की अगुवाई वाली टीम की वेस्टइंडीज के हाथों टी-20 अंतरराष्ट्रीय साीरीज में मिली हार की आलोचना करते हुए कहा कि यह 'बहुत ही सामान्य सीमित ओवरों की टीम है' जो 'भ्रम में जी रही' है। वेस्टइंडीज ने पांचवें टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में भारत को आठ विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज जीत ली जबकि मेहमान टीम ने वापसी करते हुए 2-2 से बराबरी हासिल कर ली थी।

प्रसाद हाल के समय में टीम के बारे में अपनी राय देने में काफी मुखर रहे हैं और वह इस नतीजे से काफी नाराज दिखे। प्रसाद ने ट्विटर पर लिखा, 'भारतीय टीम पिछले कुछ समय से बहुत ही सामान्य सीमित ओवर की टीम रही है। कुछ महीने पहले टी-20 विश्व कप के लिए क्वालिफाई करने में विफल रही वेस्टइंडीज टीम ने उन्हें हरा दिया। हम वनडे सीरीज में बांग्लादेश से भी हार गये। उम्मीद करता हूं कि वे कोई भी बेवकूफी भरा बयान देने के बजाय आत्ममंथन करेंगे।'

हालांकि वेस्टइंडीज की टीम हाल में 2023 आईसीसी वनडे विश्व कप के लिए क्वालिफाई करने में विफल रही, लेकिन वह हमेशा ही छोटे प्रारूप में मजबूत टीम रही है। वेस्टइंडीज ने आईसीसी टी-20 विश्व कप के कुछ चरण जीते भी हैं और मौजूदा रैंकिंग में टीम सातवें स्थान पर काबिज है जबकि भारतीय टीम शीर्ष पर है। हाल के वेस्टइंडीज के उतार चढ़ाव भरे प्रदर्शन का जिक्र करते हुए प्रसाद ने कहा कि यह देखकर उन्हें काफी दु:ख हुआ कि भारतीय टीम उनके खिलाफ खेलने में जूझ रही थी।

प्रसाद ने सोशल मीडिया मंच पर कहा, '50 ओवर ही नहीं बल्कि वेस्टइंडीज पिछले साल अक्टूबर-नवंबर के टी-20 विश्व कप के लिए (सुपर 12) में क्वालिफाई करने में भी विफल रही थी। यह देखकर दु:ख होता है कि भारत ने इतना खराब प्रदर्शन किया। जीत के लिए भूख और जज्बा नहीं दिख रहा और हम एक भ्रम में जी रहे हैं।' प्रसाद ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय कप्तान हार्दिक पांड्या की भी आलोचना की और कहा कि वह ऐसे दिख रहे थे जैसे उन्हें कुछ समझ ही नहीं आ रहा।

उन्होंने एक अन्य पोस्ट में लिखा, 'भारत को अपने कौशल में सुधार करना होगा। टीम में जीत भी भूख और जज्बे की कमी है और अकसर कप्तान अनजान दिख रहा था। गेंदबाज बल्लेबाजी नहीं कर सकते, बल्लेबाज गेंदबाजी नहीं कर सकते। महत्वपूर्ण है कि हां में हां मिलाने वालों को नहीं देखे कि कोई आपका पसंदीदा खिलाड़ी है बल्कि व्यापक भलाई को देखें।'

भारतीय टीम प्रबंधन में पांड्या और कोच राहुल द्रविड़ शामिल हैं और एक प्रशंसक के सवाल पर जवाब देते हुए प्रसाद ने इस हार के लिये उन्हें जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने उत्तर दिया, 'वे इस हार के लिए जिम्मेदार हैं और उन्हें जवाबदेह होना चाहिए। प्रक्रिया और इसी तरह के शब्दों का अब गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। एमएस (धोनी) इन पर खरे थे, अब खिलाड़ी बस शब्द का इस्तेमाल करते हैं। चयन में कोई निरंतरता नहीं है, काफी कुछ बिना सोचे समझे हो रहा है।'

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in