सूर्यवंशी के सामने GT गेंदबाजों की कड़ी परीक्षा होगी

पंद्रह वर्षीय सूर्यवंशी ने IPL में अपने दूसरे सत्र की शानदार शुरुआत की। उन्होंने CSK के खिलाफ केवल 15 गेंद पर अर्द्धशतक जड़ दिया था जिससे उसकी टीम ने 127 रन का लक्ष्य आसानी से हासिल कर दिया था।
Suryvanshi
Manvender Vashist Lav
Published on

अहमदाबाद : कैगिसो रबाडा, प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज की मौजूदगी वाला तेज गेंदबाजी आक्रमण देखने में तो काफी खतरनाक लगता है, लेकिन शनिवार को यहां राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच होने वाले IPL मैच में बल्लेबाजी के लिए अनुकूल पिच पर ‘वंडर ब्वाय’ वैभव सूर्यवंशी के सामने उनकी कड़ी परीक्षा होगी। पंद्रह वर्षीय सूर्यवंशी ने IPL में अपने दूसरे सत्र की शानदार शुरुआत की। उन्होंने CSK के खिलाफ केवल 15 गेंद पर अर्द्धशतक जड़ दिया था जिससे उसकी टीम ने 127 रन का लक्ष्य आसानी से हासिल कर दिया था। सूर्यवंशी शनिवार को नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में एक बार फिर से आक्रामक रुख अपनाने की कोशिश करेंगे, लेकिन गुजरात टाइटंस का गेंदबाजी आक्रमण काफी मजबूत है जिसमें रबाडा, सिराज और प्रसिद्ध जैसे खतरनाक तेज गेंदबाज हैं।

इस मैच में टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल से बेहतर रणनीति अपनाने की उम्मीद की जाएगी क्योंकि पंजाब किंग्स के खिलाफ पिछले मैच में टीम की हार के दौरान उनके कुछ फैसलों की आलोचना हुई थी। इस मैच में जहां सिराज को केवल दो ओवर दिए गए थे वहीं प्रसिद्ध को 13वें ओवर में गेंदबाजी के लिए लाया गया था। बल्लेबाजी की बात करें तो नरेन्द्र मोदी स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग मानी जा रही है, जहां वे खुलकर बल्लेबाजी कर सकते हैं। टूर्नामेंट में अब तक सभी टीम ने लक्ष्य का पीछा करना अच्छा समझा है। राजस्थान रॉयल्स के पास नांद्रे बर्गर और जोफ्रा आर्चर जैसे दो अच्छे तेज गेंदबाज हैं तथा वह गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर को शुरुआती ओवरों में कड़ी चुनौती देना चाहेंगे।

गुजरात टाइटंस की समस्या उसकी शीर्ष तीन बल्लेबाजों की पर अत्यधिक निर्भरता है। कप्तान गिल (27 गेंदों में 39 रन) और बटलर (33 गेंदों में 38 रन) दोनों ही मुल्लांपुर में पंजाब किंग्स के खिलाफ अपने रंग में नहीं दिखे। सुदर्शन (11 गेंदों में 13 रन) भी चोट से उबरने के बाद लय हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। यही नहीं शाहरुख खान, वाशिंगटन सुंदर और राहुल तेवतिया की मौजूदगी वाला उनका मध्य क्रम भी उतना भरोसेमंद नहीं है। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अगर टाइटन्स पहले बल्लेबाजी करता है तो उसे कम से कम 220 रन बनाने होंगे ताकि उनके गेंदबाजों को सूर्यवंशी पर हावी होने का मौका मिल सके।

अगर वह लक्ष्य का पीछा करते हैं तो उन्हें विपक्षी टीम को 200 रन के अंदर रोकना होगा। पिछले दो सत्र में डेथ ओवरों में उनकी बल्लेबाजी कुछ खास प्रभावशाली नहीं रही। तेवतिया शुरुआत से ही आक्रामक नजर नहीं आए हैं। शाहरुख की अच्छे गेंदबाजी आक्रमण के सामने तकनीकी दिक्कतें हैं और यह हैरानी की बात है कि आशीष नेहरा जैसे काबिल कोच ने उनका कोई अच्छा विकल्प नहीं ढूंढा है। जहां तक रॉयल्स की बात है तो कागजों पर टीम काफी अच्छी दिखती है, हालांकि असम के रियान पराग को कप्तान नियुक्त करने के फैसले पर अभी भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि रवींद्र जडेजा, यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल जैसे भारतीय स्टार खिलाड़ियों को नजरअंदाज किया गया।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in