मौजूदा भारतीय टीम अब तक की सबसे मजबूत टीम : पोंटिंग

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर अपना तीसरा ICC पुरुष T-20 विश्व कप खिताब जीता और यह खिताब लगातार दूसरी बार जीतने वाली पहली टीम बन गई
मौजूदा भारतीय टीम अब तक की सबसे मजबूत  टीम : पोंटिंग
Published on

दुबई : ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने हाल में संपन्न T-20 विश्व कप में भारत की जीत के बाद उसे अब तक की सबसे मजबूत T-20 अंतरराष्ट्रीय टीम करार देते हुए कहा कि टीम की गहराई, अनुभव और निरंतरता के कारण सफेद गेंद के क्रिकेट में उसका रिकॉर्ड शानदार है।अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर अपना तीसरा ICC पुरुष T-20 विश्व कप खिताब जीता और यह खिताब लगातार दूसरी बार जीतने वाली पहली टीम बन गई। भारत ने पुरुषों के सीमित ओवरों के क्रिकेट में दबदबा बनाए रखा है। 2023 के अंत से लेकर अब तक हुए चार बड़े ICC टूर्नामेंट में उसे सिर्फ दो मैच में हार का सामना करना पड़ा है। टीम को इस दौरान एक बार 2023 वनडे विश्व कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ और दूसरी बार 2026 T-20 विश्व कप के सुपर आठ चरण में दक्षिण अफ़्रीका के खिलाफ हार मिली।

ICC हॉल ऑफ फेम में शामिल पोंटिंग से जब पूछा गया कि क्या मौजूदा भारतीय टीम T-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास की सबसे मजबूत टीम है तो उन्होंने ‘द ICC रिव्यु’ में कहा, ‘इस बात के खिलाफ तर्क देना बहुत मुश्किल है। अगर आप देखें तो सिर्फ T-20 अंतरराष्ट्रीय टीम ही नहीं बल्कि पिछले पांच-छह वर्षों में ICC टूर्नामेंट में उनका सफेद गेंद के प्रारूप में रिकॉर्ड काफी शानदार रहा है।’ उन्होंने कहा, ‘इस टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले ही बहुत से लोगों ने शायद यह पहचान लिया था कि मौजूदा भारतीय टीम में कितनी गहराई और ताकत है और साथ ही उनके पास कितना अनुभव है।’ ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान ने कहा, ‘सिर्फ T-20 टीम नहीं बल्कि भारत की यह सफेद गेंद की टीम बहुत-बहुत मजबूत है। लगातार दो विश्व कप जीतना-इसके लिए उन्हें सलाम।’ तीन बार विश्व कप जीतने वाले पोंटिंग ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) दोनों जगह दबाव वाले क्रिकेट को खेलने के अनुभव ने टीम को गढ़ने में अहम भूमिका निभाई है।

पंजाब किंग्स के मुख्य कोच पोंटिंग ने कहा, ‘इस मौजूदा टीम के बारे में एक बात जिस पर शायद कम ध्यान दिया जाता है, वह यह है कि इन खिलाड़ियों के पास कितना अनुभव है और उन्होंने कितना क्रिकेट खेला है-चाहे वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट हो या फिर सिर्फ IPL।’ उन्होंने कहा, ‘IPL के मैच अंतरराष्ट्रीय मैच जितने ही बड़े होते हैं इसलिए यह भारतीय टीम बेहतरीन संतुलन और एक शानदार टीम के साथ पूरी तरह से तैयार होकर मैदान में उतरी थी।’ सुपर आठ चरण के दौरान भारत दक्षिण अफ्रीका से 76 रन से हार गया था और पोंटिंग को लगता है कि इस झटके ने टीम को फिर से एकजुट होने में मदद की। उन्होंने कहा, ‘जब आप लगातार 12 मैच जीतते हैं तो कोई ना कोई खराब दिन जरूर आता है। मुझे खुशी है कि यह जल्दी आ गया। हो सकता है कि भारत को इसी तरह के झटके की जरूरत थी।’ भारत ने इस हार के बाद जबरदस्त बल्लेबाजी का नजारा पेश करते हुए अपने बाकी बचे चार मैच में से तीन में 250 से अधिक का स्कोर बनाया जिसमें सेमीफाइनल और फाइनल भी शामिल थे।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in