

जोहानिसबर्ग : पांच मैचों की T-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज गंवाने के बावजूद भारत के पास शनिवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चौथे महिला T-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में बहुत कुछ दांव पर होगा, जिसमें अपनी प्रतिष्ठा बचाना, लय वापस पाना और इस प्रारूप के आगामी विश्व कप के लिए रणनीति तय करना शामिल है। मैच भारतीय समयानुसार रात 09:30 बजे खेला जायेगा। मेजबान दक्षिण अफ्रीका ने पहले ही पांच मैचों की इस सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है और टीम का लक्ष्य इस अभियान को जारी रखते हुए सूपड़ा साफ करना है।
महिला क्रिकेट की मौजूदा दौर की कई स्टार खिलाड़ियों वाली भारतीय टीम लगातार निराशाजनक प्रदर्शन को पीछे छोड़कर सीरीज में वापसी करने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाएगी। इस साल जून में इंग्लैंड में होने वाले T-20 विश्व कप को देखते हुए, भारतीय टीम के पास प्रेरणा की कोई कमी नहीं होगी क्योंकि वह बड़े टूर्नामेंट से पहले अपनी कमजोरियों को दूर करने की कोशिश करेगी। पिछले साल अपना पहला ICC खिताब (वनडे विश्व कप) जीतने वाली भारतीय टीम के खेल के छोटे प्रारूप में लगातार तीन हार के बाद कई कमजोरियां उजागर हुई हैं।
टीम के बल्लेबाज एकजुट प्रदर्शन करने में विफल रहे हैं, जबकि गेंदबाजों का प्रदर्शन भी असरहीन रहा है। दोनों टीमों की गेंदबाजी का अंतर इसी से समझा जा सकता है कि दक्षिण अफ्रीका ने तीन मैचों में भारतीय टीम के 21 विकेट लिए हैं, वहीं भारत केवल सात विकेट ही निकाल सका है। टीम को सीरीज में वापसी के लिए गेंदबाजों के साथ स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स और ऋचा घोष जैसी प्रमुख खिलाड़ियों को एक साथ प्रभावी प्रदर्शन करना होगा।
दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजी की बात करें तो कप्तान लॉरा वोल्वार्ट शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने तीसरे मैच में 53 गेंदों पर 115 रनों की करियर सर्वश्रेष्ठ पारी खेलकर टीम को 3-0 की बढ़त दिलाई। उन्होंने शुरुआती तीन मैचों में 51, 54 और 115 रनों की शानदार पारियां खेलकर शीर्ष क्रम में अपना दबदबा कायम किया है। उन्हें सुने लुस सहित अन्य बल्लेबाजों का अच्छा साथ मिला है।
भारत : हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फुलमाली, अनुष्का शर्मा, दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, श्री चरणी, काशवी गौतम, ऋचा घोष, उमा छेत्री, रेणुका सिंह ठाकुर, क्रांति गौड़, श्रेयंका पाटिल।
दक्षिण अफ्रीका : लौरा वोल्वार्ट (कप्तान), एनेके बॉश, कायला रेनेके, नादिन डिक्लर्क, एनेरी डर्कसेन, सुने लुस, एलिज-मारी मार्क्स, क्लो ट्रायॉन, ताजमिन ब्रिट्स, सिनालो जाफ्ता, टेबोगो माचेके, अयांदा ह्लुबी, अयाबोंगा खाका, नॉनकुलुलेको मलाबा, तुमी सेखुखुने।