T-20 World Cup : इटली ने नेपाल को 10 विकेट से हराया

इटली के स्पिनरों ने अनुशासित गेंदबाजी करते हुए नेपाल की पूरी टीम को 19.3 ओवर में महज 123 रन पर समेट दिया
T-20 World Cup : इटली ने नेपाल को 10 विकेट से हराया
Published on

मुंबई : इटली ने T-20 विश्व कप पदार्पण में अपने दूसरे ही मैच में शानदार प्रदर्शन किया और गुरुवार को यहां के ग्रुप सी मैच में नेपाल को 44 गेंद रहते 10 विकेट से रौंदकर ICC टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। इटली के स्पिनरों ने अनुशासित गेंदबाजी करते हुए नेपाल की पूरी टीम को 19.3 ओवर में महज 123 रन पर समेट दिया। इसके बाद उसने एंथोनी मोस्का (नाबाद 62 रन) और जस्टिन मोस्का (नाबाद 60 रन) के बीच अटूट साझेदारी से 12.4 ओवर में यह लक्ष्य हासिल कर शानदार जीत हासिल की। मोस्का बंधुओं में से बड़े भाई एंथोनी ने 32 गेंद की नाबाद पारी में छह छक्के और तीन चौके जड़े जबकि छोटे भाई जस्टिन ने 44 गेंद की नाबाद पारी के दौरान तीन छक्के और पांच चौके जमाए।

यह इटली के लिए T-20 विश्व कप इतिहास का दूसरा ही मैच था। पिछले मैच में उसे कोलकाता में स्कॉटलैंड से 73 रन से हार का सामना करना पड़ा था। इस मुकाबले में नेपाल को जीत का दावेदार माना जा रहा था जिसने इसी स्थल पर इंग्लैंड को कड़ी चुनौती दी थी। लेकिन उनका कोई भी बल्लेबाज इटली की सटीक स्पिन गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण के सामने नहीं टिक सका। नेपाल ने अपने सर्वश्रेष्ठ स्पिनर संदीप लामिचाने को इस्तेमाल में भी बहुत बाद में किया। इंडियन प्रीमियर लीग सहित कई टी20 टूर्नामेंट खेल चुके लामिचाने को तब गेंदबाजी के लिए लगाया गया जब इटली के सलामी बल्लेबाज 58 रन बना चुके थे। इटली के सलामी बल्लेबाजों ने प्रति ओवर करीब 10 रन बनाए और नेपाल किसी भी मौके का फायदा नहीं उठा सका जिससे वानखेड़े स्टेडियम में मौजूद बड़ी संख्या में उसके प्रशंसकों को काफी निराशा हुई।

इससे पहले यहां स्पिनरों का दबदबा जारी रहा जिसमें इटली के लिए बेन मानेंटी ने नौ रन दकर दो जबकि कृशन कालुगामागे ने 18 रन देकर तीन विकेट झटके। सटीक लाइन एवं लेंथ के साथ इटली के क्षेत्ररक्षकों ने भी शानदार प्रदर्शन किया जिससे नेपाल के खिलाड़ी दबाव में रहे। नेपाल के लिए आरिफ शेख ने सर्वाधिक 27 रन और कप्तान रोहित पौडेल ने 23 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व खिलाड़ी जेजे स्मट्स ने टी20 विश्व कप में पदार्पण करने वाली टीम के लिए 22 रन देकर एक विकेट झटका। मानेंटी ने पिच से पूरा फायदा उठाया जिससे उनके भाई हैरी का काम आसान हो जाएगा जिन्हें इटली के कप्तान वेन मैडसेन की जगह अंतिम एकादश में शामिल किया गया जो कंधे की हड्डी खिसकने के कारण इस मैच में नहीं खेले।

मैडसेन की अनुपस्थिति बिलकुल नहीं खली। टीम ने अच्छा खेल दिखाया और कैच के मौकों को नहीं गंवाया।कालूगामागे ने दीपेंद्र सिंह ऐरी (17) को रांग उन पर आउट किया जबकि सलामी बल्लेबाज आसिफ शेख (20 रन) की पारी आठवें ओवर में मानेंटी ने खत्म की। नेपाल का कोई भी बल्लेबाज इटली के आक्रमण का सामना नहीं कर सका। नेपाल यहां पिछले मैच में इंग्लैंड को हराने के बहुत करीब पहुंच गया था जिससे उससे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद थी। सिर्फ कप्तान पौडेल ही थोड़ी देर तक टिककर खेल पाए और अपनी पारी के दौरान उन्होंने दो छक्के लगाए। लेकिन कालूगामागे की गुगली पर कैच आउट हो गए। आरिफ शेख ने तीन चौके लगाए जबकि करण केसी ने 11 में नाबाद 18 रन बनाए। पारी का अंत कार्यवाहक कप्तान हैरी ने रन आउट करके किया जिससे नेपाल की टीम 19.3 ओवर में 123 रन पर सिमट गई।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in