

गाजीपुर : विश्व कप विजेता टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव के चाचा विनोद यादव ने पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रतिभा को निखारने के लिए गाजीपुर जिले में हर तरह की सुविधाओं से लैस एक खेल स्टेडियम तैयार करने की मांग की है। विनोद यादव ने सोमवार को बताया कि वह अपनी मांगों को लेकर करीब एक महीने पहले उत्तर प्रदेश के खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव से मिले थे, जिन्होंने उन्हें आश्वासन दिया था कि वह गाजीपुर में आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित स्टेडियम के निर्माण का प्रस्ताव कैबिनेट बैठक में रखेंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि IPL मैच के दौरान सूर्यकुमार ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के दौरान इस बारे में बात की थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार उनकी मांग पूरी करेगी। विनोद यादव ने कहा कि उनके भाई अशोक यादव और भाभी सपना यादव (सूर्यकुमार यादव के माता-पिता) फरवरी के मध्य में हथौरा गांव आये थे। उन्होंने गांव के मंदिर के दर्शन किये और फिर वाराणसी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन के बाद वे फाइनल मैच देखने अहमदाबाद चले गये। उन्होंने कहा कि सूर्यकुमार यादव के गाजीपुर दौरे की जानकारी मिलते ही जिले में एक बड़ा जश्न मनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि T-20 विश्व कप के फाइनल के लिए हथौरा गांव में उनके आवास पर कल रात एक बड़ी LED TV लगाई गयी थी, जहां बड़ी संख्या में गांव के लोगों ने मैच का लुत्फ उठाया। न्यूजीलैंड के आखिरी विकेट गिरने के साथ ही वहां मौजूद दर्शक खुशी से नाचने लगे। सभी ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया। भारत की जीत के बाद रविवार रात लखनऊ और उत्तर प्रदेश के अन्य शहरों की सड़कों पर प्रशंसक जश्न में तिरंगा लहराते हुए खुशी से झूमते देखे गये।