रणजी ट्रॉफी : सौराष्ट्र ने पंजाब को 194 रन से हराया

मुश्किल पिच पर 320 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब की सबसे बड़ी उम्मीद गिल 32 गेंद में 14 रन बनाकर आउट हो गए
रणजी ट्रॉफी : सौराष्ट्र ने पंजाब को 194 रन से हराया
Published on

राजकोट : स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल लगातार दूसरी बार विफल रहे जिससे रणजी ट्रॉफी में पंजाब की टीम सौराष्ट्र के स्पिनरों के सामने टिक नहीं सकी और उसे दूसरे दिन 194 रन से हार का मुंह देखना पड़ा। मुश्किल पिच पर 320 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब की सबसे बड़ी उम्मीद गिल 32 गेंद में 14 रन बनाकर आउट हो गए। इससे मेहमान टीम अपनी दूसरी पारी में महज 125 रन पर सिमट गई। पहली पारी में भी गिल दो गेंद खेलने के बाद खाता खोले बिना आउट हो गए थे। दोनों पारियों में गिल को बाएं हाथ के स्पिनर पार्थ भुट ने पगबाधा आउट किया। भुट ने मैच में कुल 10 विकेट झटके। पहली पारी में 33 रन देकर पांच विकेट लेने वाले भुट ने अगले दिन और भी घातक प्रदर्शन किया और 10 ओवर में सिर्फ आठ रन देकर पांच विकेट हासिल किए।

स्पिनरों के दबदबे का अंदाजा इससे ही लगाया जा सकता है कि पहले दिन 23 विकेट गिरे जबकि दूसरे दिन 17 बल्लेबाज पवेलियन लौटे। भुट को साथी स्पिनर धर्मेंद्र जडेजा का बेहतरीन साथ मिला जिन्होंने 55 रन देकर पांच विकेट चटकाए। पंजाब के लिए कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका जिससे उदय सहारण 71 गेंद में 31 रन बनाकर उसके शीर्ष स्कोरर रहे। इससे पहले सौराष्ट्र ने बीते दिन के तीन विकेट पर 24 रन से आगे खेलते हुए दूसरी पारी में बेहतर प्रदर्शन किया और 286 रन बनाए। सौराष्ट्र ने 75 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे और तब उसकी बढ़त सिर्फ 108 रन की थी। इसके बाद निचले क्रम के बल्लेबाजों के संघर्ष ने घरेलू टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। प्रेरक मानकड़ ने 41 गेंद में 56 रन बनाकर नेतृत्व किया। भारत के ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने 44 गेंद में 46 रन बनाए जबकि भुट ने नाबाद 37 और हेतविक कोटक ने 39 रन का योगदान दिया।

सरफराज का दोहरा शतक, मुंबई ने हैदराबाद पर कसा शिकंजा

एक अन्य मुकाबले में सरफराज खान की 227 रन की शानदार पारी की बदौलत मुंबई ने ग्रुप डी मुकाबले में हैदराबाद पर पूरी तरह दबदबा बना लिया। हैदराबाद ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक पहली पारी में दो विकेट पर 138 रन बना लिए है लेकिन टीम मुंबई से 422 रनों से पीछे है। मुंबई की पहली पारी 560 रन पर सिमटी। सरफराज ने दिन की शुरुआत में 142 रन से आगे खेलते हुए मौजूदा सत्र के अपने पहले शतक को दोहरे शतक में तब्दील किया। उन्होंने भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज (106 रन देकर एक विकेट) की अगुवाई वाले आक्रमण के खिलाफ बेखौफ बल्लेबाजी करते हुए 19 चौके और नौ छक्के जडे। अजिंक्य रहाणे की जगह टीम में शामिल किए गए सुवेद पारकर ने भी मौके का पूरा फायदा उठाया और 75 रनों की उपयोगी पारी खेली। इसके जवाब में हैदराबाद की शुरुआत खराब रही और उसने जल्दी दो विकेट गंवा दिए। राहुल गहलोत (नाबाद 82) और कोडिमेला हिमतेजा (नाबाद 40) ने तीसरे विकेट के लिए अटूट शतकीय साझेदार कर टीम को मुश्किल स्थिति से बाहर निकाला।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in