प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ल्ड चैंपियन विमेंस क्रिकेट टीम से मुलाकात की

कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 2017 में ट्रॉफी के बिना प्रधानमंत्री से हुई मुलाकात को भी याद किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ल्ड चैंपियन विमेंस क्रिकेट टीम से मुलाकात की
-
Published on: 

नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को विश्व कप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम से अपने निवास पर मुलाकात की और विश्व कप में लगातार तीन हार के कठिन दौर से गुजरने के बाद ‘दृढता और शानदार वापसी’ के लिये खिलाड़ियों की तारीफ भी की। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 2017 में ट्रॉफी के बिना प्रधानमंत्री से हुई मुलाकात को भी याद किया।

उन्होंने कहा कि अब वे ट्रॉफी के साथ मिल रहे हैं और आगे भी मिलते रहना चाहेंगे। उपकप्तान स्मृति मंधाना ने कहा कि प्रधानमंत्री ने उन्हें प्रेरित किया है और उन सभी के लिये प्रेरणास्रोत रहे हैं। भारतीय क्रिकेट टीम प्रधानमंत्री से मिलने मंगलवार की शाम यहां पहुंची थी। भारत ने रविवार को नवी मुंबई में खेले गए फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर पहली बार आईसीसी खिताब जीता।

बातचीत के दौरान ‘प्लेयर आफ द टूर्नामेंट’ दीप्ति शर्मा ने प्रधानमंत्री मोदी को बताया कि वह 2017 से उनसे मिलने का इंतजार कर रही थी। प्रधानमंत्री ने उनके इंस्टाग्राम बायोडाटा पर ‘जय श्रीराम’ और उनके हाथ पर हनुमान जी के टैटू का जिक्र किया तो दीप्ति ने मुस्कुराकर कहा कि इससे उन्हें ताकत मिलती है । हरमनप्रीत ने पूछा कि वह हर समय वर्तमान में कैसे रह पाते हैं , इस पर प्रधानमंत्री ने कहा कि यह उनके जीवन का हिस्सा और आदत बन गई है।

उन्होंने टीम के सफर के यादगार पलों का भी जिक्र किया जिसमें इंग्लैंड के खिलाफ 2021 में हरलीन देयोल का शानदार कैच शामिल है जो उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था ।प्रधानमंत्री मोदी ने मजाकिया लहजे में फाइनल में अमनजोत कौर के कैच का भी जिक्र किया जो दो बार संभलने के बाद तीसरी बार में उन्होंने लपका था ।

उन्होंने कहा कि कैच लपकने से पहले आपको गेंद दिख रही होगी लेकिन बाद में ट्रॉफी दिख गई होगी । क्रांति गौड़ ने प्रधानमंत्री से कहा कि उनका भाई उनका बड़ा प्रशंसक है जिस पर प्रधानमंत्री ने उसे उनसे मिलने का खुला न्यौता दिया ।

मोदी ने खिलाड़ियों से फिट इंडिया के संदेश का प्रचार करने का भी आग्रह किया, खासकर देश की लड़कियों में । उन्होंने मोटापे की बढती समस्या पर चिंता जताते हुए फिटनेस और व्यायाम के महत्व पर जोर दिया । उन्होंने खिलाड़ियों से अपने स्कूलों में जाकर युवाओं को खेलने के लिये प्रेरित करने को कहा ।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in