

मुल्लांपुर : पंजाब किंग्स (PBKS) ने कप्तान श्रेयस अय्यर की 33 गेंद में 69 रन की नाबाद पारी से शनिवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग T-20 मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को छह विकेट से हराकर अपनी तीसरी जीत दर्ज की। सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य (57 रन) और प्रभसिमरन सिंह (51 रन) की पारियों के बाद ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अय्यर ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए टीम को दबाव में नहीं आने दिया। उनकी पारी में पांच छक्के और इतने ही चौके जड़े थे। इससे टीम ने 18.5 ओवर में चार विकेट पर 223 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। सनराइजर्स हैदराबाद ने बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा (74 रन) के अर्द्धशतक और ट्रेविस हेड के साथ पहले विकेट के लिए 50 गेंद में 120 रन की साझेदारी से छह विकेट पर 219 रन का स्कोर खड़ा किया।
सनराइजर्स हैदराबाद के बाएं हाथ के कलाई स्पिनर शिवांग कुमार ने पंजाब किंग्स के शुरूआती तीनों विकेट अपनी झोली में डाले लेकिन पंजाब किंग्स को जीत दर्ज करने से नहीं रोक सके। यह हैदराबाद की लगातार दूसरी हार है। प्रियांश (पांच चौके, पांच छक्क) और प्रभसिमरन (चार चौके, चार छक्के) ने मिलकर पावरप्ले में बिना विकेट गंवाए 93 रन जोड़े। सातवें ओवर में प्रियांश की पारी खत्म हुई। प्रियांश ने शिवांग की पहली ही गेंद पर डीप मिड विकेट के ऊपर से स्वीप शॉट लगाते हुए छक्का जड़ा, लेकिन जब उन्होंने लगातार दूसरी गेंद पर भी ऐसा ही करने की कोशिश की, तो गेंद सीधे क्षेत्ररक्षक के हाथों में समां गई। इस तरह दोनों के बीच 6.2 ओवर में पहले विकेट के लिए 99 रन की भागीदारी का अंत भी हुआ।
प्रभसिमरन ने फिर नौंवे ओवर में शिवांग की गेंद पर चौका लगाकर अपना अर्द्धशतक पूरा किया। पर अगली ही गेंद पर शिवांग की गुगली पर हेनरिक क्लासेन को कैच दे बैठे। ऑफ स्टंप के बाहर फुल लेंथ गेंद को प्रभसिमरन ने आगे बढ़कर हवा में खेलने की कोशिश की लेकिन गेंद बल्ले के निचले हिस्से पर लगी और लांग ऑफ पर क्लासेन ने आगे की ओर डाइव लगाते हुए एक बेहतरीन कैच लपक लिया। शिवांग (33 रन देकर तीन विकेट) के दो झटकों से सनराइजर्स हैदराबाद को वापसी की उम्मीद जगी। फिर इसी गेंदबाज ने 11वें ओवर में कूपर कोनोली (11 रन) की पारी का अंत किया। कोनोली ने पहली गेंद पर डीप मिडविकेट पर चौका लगाया लेकिन अगली ही गेंद को मिसटाइम करके आउट हो गए जिससे स्कोर तीन विकेट पर 128 रन था।
इसके बाद कप्तान अय्यर ने कमाल की पारी खेली, उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर 24 गेंद में अर्धशतक जड़ा और यही दबदबा जारी रखा। 15 ओवर में पंजाब का स्कोर तीन विकेट पर 179 रन था और उसे जीत के लिए 30 गेंद में 41 रन बनाने थे। अय्यर ने 16वें ओवर में ईशान मलिंगा पर डीप कवर पर एक चौका तथा काउ कॉर्नर और डीप मिडविकेट पर दो छक्के जड़ दिए। जिससे टीम को 24 गेंद में महज 23 रन की जरूरत थी। अय्यर ने सात गेंद रहते टीम की जीत सुनिश्चित की। सनराइजर्स हैदराबाद के लिए अभिषेक की पांच चौके और आठ छक्के जड़ित 28 गेंद की पारी भी काम नहीं आ सकी। अभिषेक और हेड (23 गेंद में 38 रन) ने पंजाब किंग्स के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए पहले विकेट के लिए 50 गेंद में 120 रन की साझेदारी निभाई।
पंजाब किंग्स के गेंदबाज विजयकुमार विशाक काफी खर्चीले रहे जिनके पहले ही ओवर में अभिषेक ने चार छक्के जड़ दिए। अभिषेक ने इसी ओवर में 18 गेंद में अपना अर्धशतक भी पूरा किया। पर घरेलू टीम ने शशांक सिंह (तीन ओवर में 20 रन देकर दो विकेट) की बदौलत वापसी की जिन्होंने एक ही ओवर में दोनों सलामी बल्लेबाजों को आउट कर दिया। इससे नौवें ओवर की शुरुआत में बिना विकेट गंवाए 120 रन पर पहुंचने वाली सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 220 रन के अंदर ही सिमट गई। जेवियर बार्टलेट (चार ओवर में 42 रन देकर एक विकेट) ने अंतिम ओवर में शानदार गेंदबाजी करते हुए महज पांच रन दिए। अभिषेक (आठ छक्के, पांच चौके) ने पारी की तेज शुरुआत की, उन्होंने अर्शदीप सिंह पर कवर के ऊपर से शॉट लगाकर चौका जड़ा।
अभिषेक ने बार्टलेट के खिलाफ दो चौके लगाए और फिर अर्शदीप के खिलाफ तेजी से रन जुटाए। मार्को यानसेन की भी जमकर धुनाई हुई। इस बाएं हाथ के तेज गेंदबाज़ के पहले ही ओवर में 16 रन बने जिससे सनराइजर्स हैदराबाद चार ओवर में बिना किसी नुकसान के 60 रन तक पहुंच गई। अभिषेक ने फिर चार छक्कों से वैशाक के पहले ही ओवर में 24 रन जुटा लिए जिससे पांच ओवर में स्कोर बिना विकेट गंवाए 84 रन था जो इस मैदान पर पावरप्ले का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। इसके बाद दोनों सलामी बल्लेबाजों ने अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी जारी रखी। हेड ने लगातार तीन चौके जड़े और अभिषेक ने डीप मिडविकेट के ऊपर से एक छक्का लगाकर पावरप्ले के अंदर ही टीम का स्कोर 100 तक पहुंचा दिया।
कप्तान अय्यर ने खेल की गति धीमी करने के लिए शशांक और स्पिनर युजवेंद्र चहल को गेंद सौंपी। शशांक ने अपने पहले ओवर में महज छह रन दिए। चहल ने अपनी पहली पांच गेंद में सिर्फ तीन रन दिए जिसके बाद अभिषेक ने इस लेग स्पिनर पर एक जोरदार छक्का जड़ दिया।शशांक को गेंदबाजी पर लगाए रखने का पंजाब किंग्स को फायदा मिला। उन्होंने एक साधारण सी गेंद पर हेड के रूप में टीम को पहली और अहम सफलता दिलाई जो सीधे लांग ऑफ में खड़े क्षेत्ररक्षक को कैच दे बैठे। शशांक ने फिर अभिषेक को फुल लेंथ गेंद फेंकी और यह बल्लेबाज अर्शदीप के हाथों लपका गया। अय्यर ने अपनी सूझबूझ भरी कप्तानी का परिचय देते हुए चहल को एक और ओवर दिया। मैच की स्थिति को देखते हुए चहल ने अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई और इस ओवर में सिर्फ नौ रन दिए। सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान ईशान किशन (17 गेंद में 27 रन) अर्शदीप की गेंद पर आउट हो गए जबकि हेनरिक क्लासेन (33 गेंद में 39 रन) अंतिम ओवर में आउट हुए।