पाकिस्तानी कोच ने ढाका जाने से इनकार किया

उन्होंने कहा, ‘ताहिर ने यह रुख अपनाया था कि इस्लामाबाद में ट्रेनिंग शिविर में देर से आने वालों को राष्ट्रीय टीम में शामिल नहीं किया जाना चाहिए।’
पाकिस्तानी कोच ने ढाका जाने से इनकार किया
Published on: 

कराची : पाकिस्तान पुरुष हॉकी टीम के मुख्य कोच ताहिर जमां ने चयन मामलों में पाकिस्तान हॉकी महासंघ (PHF) के हस्तक्षेप का आरोप लगाते हुए तीन मैच की सीरीज के लिए ढाका जाने से इनकार कर दिया है। टीम रविवार को इस दिग्गज पूर्व ओलंपियन के बिना ही रवाना हुई जिन्होंने अंतिम समय में टीम में खिलाड़ियों के चयन को मंजूरी नहीं दी थी। PHF के सचिव राणा मुजाहिद ने इस घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए कहा कि मामला सुलझा लिया जाएगा क्योंकि ताहिर और राष्ट्रीय महासंघ देश की हॉकी के सर्वोत्तम हित में हैं। उन्होंने कहा, ‘ताहिर ने यह रुख अपनाया था कि इस्लामाबाद में ट्रेनिंग शिविर में देर से आने वालों को राष्ट्रीय टीम में शामिल नहीं किया जाना चाहिए।’

मुजाहिद ने कहा, ‘ताहिर ने राणा वाहिद और हम्माद अंजुम को शामिल करने पर आपत्ति जताई जो दोनों विदेशी लीग के साथ अपने अनुबंध के कारण शिविर में देर से शामिल हुए थे।’ राणा ने कहा कि ताहिर ने आखिरी समय में टीम के साथ ढाका नहीं जाने का फैसला किया जहां अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) ने पाकिस्तान के विश्व कप क्वालीफायर में जगह बनाने के लिए तीन मैच की सीरीज निर्धारित की है। यह सीरीज इसलिए आयोजित की गई है क्योंकि पाकिस्तान ने अगस्त-सितंबर में एशिया कप के लिए अपनी टीम भारत नहीं भेजी थी जो विश्व कप के लिए क्वालीफायर था।

ताहिर के एक करीबी सूत्र ने बताया कि इस ओलंपियन का स्पष्ट मानना था कि जब तक खिलाड़ियों को यह पता नहीं होगा कि मुख्य कोच का फैसला अंतिम होता है तब तक टीम में सुधार नहीं हो सकता। हालांकि राणा ने दावा किया कि पूर्व प्रतिबद्धताओं के कारण कम से कम 10 खिलाड़ी शिविर में देर से शामिल हुए और PHF उन पर नकद जुर्माना लगाने पर सहमत हो गया। PHF सचिव ने कहा कि टीम मैनेजर मोहम्मद उस्मान बांग्लादेश में मुख्य कोच की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। राणा ने आगे कहा कि अगर ताहिर के साथ मामला नहीं सुलझता है तो महासंघ विदेशी कोच नियुक्त करने की कोशिश करेगा।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in