भारत के खिलाफ T-20 वर्ल्ड कप मैच नहीं खेलेगा पाकिस्तान

सरकार के एक आधिकारिक बयान के माध्यम से दिए गए इस निर्णय को बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किए जाने से जुड़ा एक राजनीतिक विरोध माना जा रहा है
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कराची : पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ ICC T-20 विश्व कप के अपने बहुप्रतीक्षित ग्रुप लीग मुकाबले के बहिष्कार के फैसले की रविवार को औपचारिक घोषणा कर दी लेकिन सरकार ने सात फरवरी से शुरू हो रहे टूर्नामेंट के बाकी मैचों में राष्ट्रीय टीम की भागीदारी को मंजूरी दे दी है। यह एक ऐसा कदम, जिसके दूरगामी असर पड़ने की संभावना है। सरकार के एक आधिकारिक बयान के माध्यम से दिए गए इस निर्णय को बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किए जाने से जुड़ा एक राजनीतिक विरोध माना जा रहा है। विश्व निकाय ने सुरक्षा कारणों से बांग्लादेश के भारत से श्रीलंका में मैच स्थानांतरित करने के अनुरोध को अस्वीकार कर दिया था।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने पहले कहा था कि वह इस फैसले के बाद टूर्नामेंट में अपनी भागीदारी की समीक्षा करेगा, क्योंकि वह बांग्लादेश के साथ एकजुटता दिखा रहा है। पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया अकाउंट पर जारी बयान में कहा कि उसने पाकिस्तान क्रिकेट टीम को टूर्नामेंट में हिस्सा लेने की अनुमति दे दी है, लेकिन टीम 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले में ‘मैदान पर नहीं उतरेगी’। इस फैसले के साथ टूर्नामेंट में पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर चल रही अटकलों का दौर समाप्त हो गया है। भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में हो रहे इस टूर्नामेंट के बीच यह फैसला क्षेत्र में बढ़े राजनीतिक तनाव के माहौल में सामने आया है।

सरकार ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा, 'पाकिस्तान की सरकार ICC T-20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम की भागीदारी को मंजूरी देती है, हालांकि पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ निर्धारित मैच में मैदान पर नहीं उतरेगी।’ भारत-पाकिस्तान मुकाबला किसी भी ICC टूर्नामेंट का सबसे बहुप्रतीक्षित मैच माना जाता है, जिसे वैश्विक स्तर पर सर्वाधिक दर्शक, प्रायोजकों की रुचि और प्रसारण राजस्व मिलता है। इस मुकाबले के बहिष्कार से ICC के सामने लॉजिस्टिक और नियामकीय चुनौतियां खड़ी होने की आशंका है, क्योंकि टूर्नामेंट के कार्यक्रम, विपणन और व्यावसायिक रणनीति का बड़ा हिस्सा इसी मुकाबले के इर्द-गिर्द तैयार किया गया है। वॉकओवर की स्थिति में भारत को पूरे अंक मिल जाएंगे, लेकिन ICC के पास PCB पर वित्तीय जुर्माना लगाने का अधिकार भी बना रहेगा।

पाकिस्तान सात फरवरी को नीदरलैंड के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा, इसके बाद 10 फरवरी को अमेरिका और 18 फरवरी को नामीबिया से भिड़ेगा। पाकिस्तान के सभी मुकाबले कोलंबो के एसएससी मैदान पर खेले जाएंगे। PCB के करीबी एक सूत्र ने बताया कि बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी जल्द ही मीडिया को और अधिक जानकारी देंगे। सूत्र ने कहा, ‘यह देखना दिलचस्प होगा कि पीसीबी सरकार द्वारा 15 फरवरी को भारत के साथ मैच खेलने की अनुमति न देने का क्या कारण बताती है और क्या यह सरकार का एकतरफा फैसला था या पीसीबी भी इसमें शामिल थी।’ वर्तमान गतिरोध की शुरुआत आईसीसी के उस फैसले से हुई, जिसमें सुरक्षा आश्वासनों को स्वीकार करने से इनकार करने और अपने सभी मैच श्रीलंका स्थानांतरित करने की मांग के बाद बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया और उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया।

इस फैसले के बाद पाकिस्तान के क्रिकेट और राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिलीं, हालांकि पाकिस्तान के कई पूर्व खिलाड़ियों और अधिकारियों ने ऐसे किसी कदम के खिलाफ सलाह दी थी, जिससे देश के क्रिकेट को नुकसान पहुंचे। PCB या सरकार ने हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि अगर प्रतियोगिता के नॉकआउट चरण में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने आते हैं तो उस स्थिति में क्या रुख अपनाया जाएगा। एशिया कप या ICC टूर्नामेंट में पाकिस्तान और भारत के बीच होने वाले मैच प्रसारकों और ICC के लिए राजस्व का मुख्य स्रोत माने जाते हैं। पिछले साल यूएई में हुए एशिया कप में दोनों टीमों ने एक-दूसरे के खिलाफ तीन मैच खेले थे।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in