

नयी दिल्ली : विवादों से पुराना नाता रखने वाले राजस्थान राॅयल्स (RR) के कप्तान रियान पराग ने एक और विवाद खुद से जोड़ लिया है। विवाद ऐसा जिसपर शायद उन्हें भी थोड़ी शर्म आयी होगी। दरअसल मंगलवार को महाराजा यादविन्द्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम मुल्लांपुर में RR और पंजाब किंग्स के बीच मैच था। RR की पारी के 16वें ओवर में अचानक कैमरा ड्रेसिंग रूम की ओर गया, जहां कप्तान पराग मजे से E-सिगरेट (वेपिंग) का धुआं उड़ाने नजर आये। वह भी वह सिगरेट जो भारत में पूरी तरह प्रतिबंधित है। पराग जब धुआं उड़ा रहे थे उस दौरान उनके साथी यशस्वी जायसवाल मैदान की तरफ इशारा भी करते हैं। फिर भी पराग को कहां फर्क पड़ने वाला। पराग को यहां यह भी ध्यान नहीं रहा कि उनकी टीम में 15 साल का एक खिलाड़ी भी खेलता है।
भारत में बैन है E-सिगरेट
भारत में E- सिगरेट और वेपिंग डिवाइस इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम 2019 के तहत पूरी तरह प्रतिबंधित हैं। इसके अलावा, स्टेडियम और ड्रेसिंग रूम में धूम्रपान भी सख्त रूप से मना है। ऐसे में एक इंटरनेशनल खिलाड़ी और कप्तान का यह व्यवहार गंभीर माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, BCCI इस मामले को हल्के में नहीं लेगा और पराग पर जुर्माना या अन्य सख्त कार्रवाई हो सकती है। इस संबंध में कानून के अनुसार पहली बार अपराध करने पर दोषी को एक साल तक की कैद हो सकती है या/और उस पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया सकता है।
सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा
सोशल मीडिया पर फैन्स ने पराग की जमकर लताड़ा है। कई यूजर्स ने इसे ‘डिस्ग्रेसफुल लीडरशिप’ बताया, वहीं कुछ ने BCCI से कड़ी कार्रवाई की मांग की। लोगों का मानना है कि खिलाड़ी का इस तरह का व्यवहार गलत उदाहरण पेश करता है।